Breaking News

बंगाल: बागी नेताओं ने TMC के फंड की जांच की मांग की, थाने में दर्ज कराई शिकायत     |   TMC MP अभिषेक बनर्जी पार्टी के सांसदों के साथ लोकसभा स्पीकर से मिलने संसद पहुंचे     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20-21 जून को पश्चिम बंगाल और ओडिशा का दौरा करेंगे     |   ‘इजरायली डिफेंस फोर्सेज़ फिलहाल दक्षिणी लेबनान में तैनात रहेंगी’, बोले रक्षा मंत्री     |   पंजाब: BSF ने बॉर्डर पर हथियार तस्कर पकड़ा, AK-47, 25 पिस्तौल और 368 कारतूस बरामद     |  

उत्तराखंड के चंपावत में बड़ा हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 2 की मौत, 3 घायल

उत्तराखंड के चंपावत जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाराकोट क्षेत्र में बापरू-बंतोली मार्ग के पास एक वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया और उसमें आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के अनुसार, जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली थी कि एक वाहन गहरी खाई में गिरकर आग की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक डूंगर सिंह के नेतृत्व में SDRF की टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि वाहन खाई में गिरा हुआ था और उसमें आग लगी हुई थी। SDRF और जिला पुलिस ने कठिन परिस्थितियों में संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में सफलता हासिल की। अधिकारियों के मुताबिक वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। बचाव दल ने घायल यात्रियों नीतू देवी (31), अक्षिता (8) और आरव (5) को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

इस हादसे में वाहन चालक राजेंद्र कुमार (47), निवासी अंजेड़ा, डीडीहाट और बलदेव कुमार (34), निवासी ननकोड़ी, अंजेड़ा, डीडीहाट की मौत हो गई। दोनों शवों को बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है। इससे पहले 10 जून को भी मसूरी रोड के झड़ीपानी क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें चार लोगों की जान चली गई थी। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए प्रशासन लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।