Breaking News

'हमें आपके स्वास्थ्य की चिंता है...' बबीता फोगाट की सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील     |   मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों की परेशानी सुप्रीम कोर्ट पहुंची, CJI बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे हस्तक्षेप     |   छात्रों के आंदोलन में शामिल होंगे अन्न हजारे     |   विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित     |   ‘युवाओं का हित मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’, अमित शाह का एक्स पोस्ट     |  

बेंगलुरु के PG में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा, 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल

बेंगलुरु के अनेकल तालुक के बोम्मासंद्रा इलाके में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 6 बजे एक पेइंग गेस्ट (PG) में हुआ। अनेकल पुलिस के अनुसार, यह PG नागराज रेड्डी का है, जिसे उन्होंने दूसरे लोगों को किराए पर दिया हुआ था। PG में दूसरे राज्यों से आए 20 से ज्यादा प्रवासी मजदूर रह रहे थे। इनमें ज्यादातर मजदूर उत्तर भारत के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि एक-एक कमरे में करीब 8 लोगों को रखा गया था और पूरी इमारत में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल सभी लोग पश्चिम बंगाल और बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद घायलों को तुरंत इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान सौरव चौधरी, अलाउद्दीन, शांतनुराय, अहिबुल रहमान, सुब्रत बेहरा और देबाशीष हलदर के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मामले में हेब्बागोडी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह PG बिना जरूरी अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किए चलाया जा रहा था। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है।