Breaking News

CBSE ने 12वीं क्लास का रिजल्ट घोषित किया     |   प्रतीक की बॉडी पर चोट के निशान नहीं, पोस्टमार्टम के बाद हार्ट को सुरक्षित रखा गया     |   सीएम शुभेंदु अधिकारी का ऐलान- नंदीग्राम सीट छोड़ेंगे, भवानीपुर से रहेंगे विधायक     |   विजय ने अपने ज्योतिषी को OSD के पद से हटाया, कल ही की थी नियुक्ति     |   प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम पूरा, हॉस्पिटल में अखिलेश, लखनऊ पहुंच रहीं अपर्णा     |  

महाराष्ट्र के सांगली में बड़ा हादसा, मंदिर की दीवार ढहने से 6 लोगों की मौत, 25 घायल

महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश और आंधी के बीच दीवार गिरने से छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे जत तहसील के मोटवाड़ी गांव में हुई। यहां देवी मर्गुबाई के धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। अचानक तेज बारिश और तेज हवाएं शुरू हो गईं, जिसके बाद लोग पास के एक निर्माणाधीन स्थल पर शरण लेने पहुंच गए।

इसी दौरान तेज हवा के कारण वहां लगा बड़ा लोहे का शेड उड़कर पत्थर की दीवार से टकरा गया। टक्कर लगते ही दीवार ढह गई और उसके नीचे खड़े श्रद्धालु दब गए। जत पुलिस स्टेशन के अनुसार, हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग घायल हुए। सभी घायलों को इलाज के लिए जत ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सांगली के पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। वहीं, जिला कलेक्टर मैनाक घोष ने कहा कि घायलों को सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।