Breaking News

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, गोरखा में 35 मकान बहे, कई पुल टूटे     |   अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को छोड़ा गया     |   यूट्यूबर ध्रुव राठी देर रात 3 बजे रिहा, जंतर-मंतर आने की कोशिश पर फिर कार्रवाई करेगी पुलिस     |   'सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो', PM मोदी ने दी नवरात्रि की बधाई     |   गाजियाबाद में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान गिरफ्तार     |  

मध्य प्रदेश: ग्वालियर के अस्पताल में आग, 190 से ज्यादा मरीज बचाए गए

मध्यप्रदेश में ग्वालियर शहर स्थित एक सरकारी अस्पताल में शनिवार रात आग लग गई, जिसके बाद 190 से ज्यादा मरीजों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ग्वालियर की डीएम रुचिका चौहान ने बताया कि आग रात करीब एक बजे कमला राजा अस्पताल के स्त्री रोग विभाग की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) के ‘एयर-कंडीशनर’ में लगी।

ये अस्पताल गजरा राजा मेडिकल कॉलेज का हिस्सा है। अधिकारियों ने बताया कि आईसीयू से 13 मरीजों सहित 190 से ज्यादा मरीजों को बचा लिया गया और उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। चौहान ने बताया कि अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने आईसीयू में भर्ती मरीजों को खिड़कियां तोड़कर तत्काल बाहर निकाला और उन्हें ‘सुपर स्पेशलिटी’ अस्पताल में भर्ती कराया। डीएम ने बताया कि अस्पताल के आईसीयू और अन्य वार्ड में भर्ती सभी मरीज सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जाएगी।

राज्य के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि कमला राजा अस्पताल के स्त्री रोग विभाग में आग लगने का कारण संभवतः शॉर्ट सर्किट है। अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों और ‘वार्ड बॉय’ ने मरीजों को तुरंत बाहर निकाला और ग्वालियर नगर निगम की दमकल गाड़ियों ने बाद में आग पर काबू पा लिया। विज्ञप्ति में बताया गया कि आईसीयू से 13 मरीजों और अस्पताल के अन्य वार्ड से लगभग 180 मरीजों को निकालकर मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।

अस्पताल में एक मरीज की देखरेख के लिए मौजूद उसके रिश्तेदार ने कहा, ‘‘आग लगने से अस्पताल परिसर धुएं से भर गया। वहां मौजूद कर्मियों ने सभी मरीजों को तुरंत स्थानांतरित करना शुरू कर दिया। उस समय कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। फिलहाल हमारा मरीज ठीक है और उसे नई जगह पर ले जाया गया है।’’