Breaking News

गृह मंत्री अमित शाह 18 फरवरी को पश्चिम बंगाल दौरे पर, इस्कॉन मायापुर जाएंगे     |   गृह मंत्री अमित शाह 18 फरवरी को पश्चिम बंगाल दौरे पर, इस्कॉन मायापुर जाएंगे     |   दिल्ली में आज साल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया     |   हरियाणा के रोहतक में दिल्ली बाईपास पर दिनेश गोगा नाम के बदमाश की गोली मारकर हत्या     |   जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर स्थित बाल सुधार गृह से तीन बंदी फरार हुए     |  

केरल में पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, 2025 में आए 2.58 करोड़ से ज्यादा सैलानी

Kerala: पर्यटन मंत्री पीए मोहम्मद रियास ने सोमवार को कहा कि 2025 में केरल के इतिहास में पर्यटकों के आगमन की संख्या सबसे अधिक रही। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष केरल में राज्य के बाहर से 2,58,80,365 पर्यटक आए, जो राज्य के गठन के बाद से सबसे अधिक संख्या है।

उन्होंने कहा कि 2024 की तुलना में 2025 में 28,95,002 अतिरिक्त पर्यटक आए। उन्होंने बताया कि घरेलू पर्यटकों के आगमन में 12.64 प्रतिशत की वृद्धि हुई और ये कोविड से पहले की तुलना में 36.03 प्रतिशत अधिक है।

मंत्री मोहम्मद रियास ने बताया कि घरेलू पर्यटकों के आगमन में इडुक्की जिला राज्य में सबसे आगे रहा, जहां 46,79,800 पर्यटक आए। इसके बाद एर्नाकुलम में 44,29,899, तिरुवनंतपुरम में 43,75,846 और त्रिशूर में 31,24,696 पर्यटक आए।

उन्होंने कहा कि पहले उत्तरी केरल में त्रिशूर से कासरगोड जिले तक, पर्यटकों का आगमन राज्य के कुल आगमन का मात्र छह प्रतिशत था, लेकिन हाल के वर्षों में ये काफी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री ने बताया कि जब 2021 में एलडीएफ सरकार सत्ता में वापस आई, तब राज्य कोविड-19 से बुरी तरह प्रभावित था और पर्यटन क्षेत्र की हालत बहुत खराब थी, ऐसी आशंका थी कि कुछ पर्यटन केंद्र हमेशा के लिए बंद हो जाएंगे। 

उन्होंने बताया कि संकट से उबरने के लिए सरकार ने पर्यटन क्षेत्र के सभी हितधारकों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा, "हमने संकट से निपटने के लिए हर चरण में योजना बनाई। कोविड-19 की स्थिति सामान्य होने पर पर्यटन क्षेत्र को किस तरह आगे बढ़ाना चाहिए, इस बारे में हमारी स्पष्ट समझ थी, जिससे अब हमें पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में मदद मिली है।"

उन्होंने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रौद्योगिकी को अपनाने सहित कई रणनीतियों का इस्तेमाल किया गया। मोहम्मद रियास ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन विभाग (पीडब्ल्यूडी) के विश्राम गृह विकसित किए जा रहे हैं ताकि पर्यटक राज्य का दौरा कर सकें और किफायती आवासों में ठहर सकें।

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-66 का काम पूरा होने के साथ ही राज्य में कनेक्टिविटी की समस्या हल हो जाएगी और दूरदराज के जिलों में भी ज्यादा पर्यटक आएंगे।