Breaking News

नकल माफिया सपा-कांग्रेस की देन: सीएम योगी     |   पटना में छात्रों का प्रोटेस्ट: तेज प्रताप को पटना पुलिस ने हिरासत में लिया     |   'पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर होगी बात', राहुल गांधी ने मोदी सरकार को दिया अल्टीमेटम     |   क्या मुझे चरित्र प्रमाण पत्र लेने की जरूरत है कि मेरा उपवास पवित्र था: वांगचुक     |   हम न्यूक्लियर पावर की अगली पीढ़ी को बढ़ाने में कर रहे दुनिया का नेतृत्व: ट्रंप     |  

AP: जगन मोहन रेड्डी को आरोपी बनाया गया, पूर्व सीएम के काफिले की कार के नीचे आया था व्यक्ति

वाईएसआरसीपी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी को हाल ही में पलनाडु जिले के रेंटापल्ला गांव जाते समय हुई एक सड़क दुर्घटना में आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अधिकारी ने ये जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि 18 जून को जगनमोहन रेड्डी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के उस नेता के परिवार के सदस्य से मिलने रेंटापल्ला गए थे, जिसने एक वर्ष पहले आत्महत्या की थी। रेंटापल्ला जाते समय पूर्व मुख्यमंत्री का वाहन एतुकुरु बाईपास से गुजरा था। 

गुंटूर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस सतीश कुमार ने बताया, ‘‘अलग-अलग सबूतों का विश्लेषण करने के बाद, ये पाया गया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाला व्यक्ति जगनमोहन रेड्डी के वाहन के पहियों के नीचे कुचल गया था।’’ उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर बुजुर्ग सिंगैया को गंभीर रूप से घायल पाया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

उन्होंने बताया कि सिंगैया की पत्नी चीली लुरधु मैरी की शिकायत के आधार पर स्थानीय थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस बारे में टीडीपी नेता कोम्मारेड्डी पट्टाभि राम ने कहा, "जगन रेड्डी की गाड़ी ने सिंगैया नाम के व्यक्ति को कुचल दिया। इसके बाद भी गाड़ी रुकी नहीं। जगन अपने काफिले में थे, हाथ हिला रहे थे। उन्होंने उस बूढ़े व्यक्ति को पास के अस्पताल में भेजने की भी परवाह नहीं की। जगन रेड्डी कितने गैर जिम्मेदार हैं।"