Maharashtra: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को दावा किया कि अगर चुनाव ईमानदारी से कराए जाएं तो बीजेपी नेतृत्व वाली महायुति महाराष्ट्र में नहीं जीत सकती। उन्होंने एशिया कप में भारतीय टीम को पाकिस्तान के साथ खेलने की अनुमति देने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की भी आलोचना की। अपनी पार्टी से संबद्ध शिक्षक संघ, महाराष्ट्र राज्य शिक्षक सेना के एक कार्यक्रम में बोलते हुए ठाकरे ने कहा कि चुनाव कार्य में लगाए गए शिक्षकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वोटों की चोरी न हो।
सेना (यूबीटी) प्रमुख ने कहा, "अगर चुनाव ईमानदारी से कराए जाएं तो वे (महायुति गठबंधन) नहीं जीत सकते, महाराष्ट्र में तो बिल्कुल नहीं। राहुल गांधी ने उजागर कर दिया है कि उन्होंने कैसे वोट चुराए। उन्होंने उनका 'बुर्का' फाड़ दिया है।" बीजेपी, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के महायुति गठबंधन ने 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 288 में से 235 सीटें हासिल करके भारी जीत हासिल की।
इस बीच ठाकरे ने भारतीय टीम को एशिया कप में पाकिस्तान के साथ खेलने की इजाजत देने के लिए केंद्र सरकार और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पर भी निशाना साधा। उन्होंने हाल के विरोध प्रदर्शनों का ज़िक्र करते हुए कहा कि हाथियों, कुत्तों और कबूतरों की सुरक्षा के लिए हज़ारों की संख्या में लोगों का सड़कों पर उतरना अच्छी बात है।
उन्होंने कहा, "मानवता होनी चाहिए। लेकिन जब पहलगाम में हमारे नागरिक मारे जाते हैं, हमारे सैनिक मारे जाते हैं, तब आपकी मानवता कहाँ चली जाती है? हमारे रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।"
ठाकरे ने पूछा, "तो फिर आप पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच खेलने की इजाज़त कैसे दे सकते हैं?" भारत और पाकिस्तान एशिया कप में आमने-सामने होंगे, जो नौ सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात में शुरू होने वाला है। दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी 14 सितंबर को दुबई में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे।