Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

BRICS समिट के दौरान भी पूरी क्षमता से चलता रहा IGI एयरपोर्ट, VVIP मूवमेंट से नहीं हुई बड़ी देरी

दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान VVIP और विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही बढ़ने के बावजूद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI) पर नियमित उड़ानों का संचालन पूरी क्षमता के साथ जारी रहा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के नॉर्दर्न रीजन के रीजनल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अजय कुमार कपूर ने बताया कि VVIP मूवमेंट के कारण नियमित कमर्शियल उड़ानों के संचालन में कोई बड़ी बाधा नहीं आई।

उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने VVIP और प्रतिनिधिमंडलों की बड़ी संख्या में आने वाली उड़ानों को संभाला। इसके साथ ही नियमित व्यावसायिक उड़ानों का संचालन भी बिना किसी बड़ी परेशानी के जारी रखा गया। अजय कुमार कपूर ने बताया कि VVIP मूवमेंट को देखते हुए एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट के तहत कई अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे। इनमें अराइवल मैनेजमेंट, अतिरिक्त ATC सेक्टर, अतिरिक्त सुपरवाइजर और कोऑर्डिनेटर, स्पीड कंट्रोल, रनवे और टैक्सीवे मैनेजमेंट शामिल रहे। इसके अलावा ATC और एयरपोर्ट के बीच लगातार जानकारी साझा करने के साथ-साथ सक्रिय एयरपोर्ट-बे मैनेजमेंट भी किया गया। इन व्यवस्थाओं की वजह से उड़ानों का संचालन सुचारु बनाए रखने में मदद मिली।

कपूर ने कहा कि ATC के स्तर पर किसी बड़ी देरी की स्थिति सामने नहीं आई। VVIP मूवमेंट के कारण किसी उड़ान को डायवर्ट भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि IGI एयरपोर्ट पर नियमित उड़ानों के लिए फुल कैपेसिटी में संचालन जारी रहा और स्लॉट को मैनेज करने के लिए एयर ट्रैफिक फ्लो मैनेजमेंट के उपाय लागू किए गए।

उन्होंने बताया कि IGI एयरपोर्ट पर VVIP उड़ानों को संभालने का वर्षों का अनुभव है। एयरपोर्ट पर उपलब्ध तीन-चार रनवे का योजनाबद्ध तरीके से इस्तेमाल किया गया। VVIP विमान के लिए रनवे को क्लियर रखा गया, जबकि अन्य समय में रनवे को नियमित कमर्शियल उड़ानों के लिए इस्तेमाल किया गया।

BRICS समिट के चलते गैर-निर्धारित और सामान्य एविएशन उड़ानों पर लगाए गए एयरस्पेस प्रतिबंधों को लेकर कपूर ने कहा कि रविवार शाम प्रतिबंध हटते ही एयरस्पेस ऑपरेशन को तुरंत सामान्य कर दिया जाएगा। भारत की मेजबानी में आयोजित 18वां BRICS शिखर सम्मेलन रविवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में संपन्न हुआ।