Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

हैदराबाद पुलिस ने नौकरी धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़ किया, तीन गिरफ्तार

तेलंगाना में हैदराबाद के एलबी नगर जोन की स्पेशल ऑपरेशंस टीम ने पोचारम आईटी कॉरिडोर पुलिस के साथ मिलकर एक फर्जी नौकरी रैकेट का शुक्रवार को भंडाफोड़ किया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो हैदराबाद में कई सरकारी और पब्लिक सेक्टरों में नौकरी पाने वालों को ठगते थे।

आरोपितों शेख बड़े साहेब उर्फ ​​शेख मुन्ना, मुथोजू लक्ष्मण चारी और मदका रामा स्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके कब्जे से चार लाख रुपये की नकदी, लैपटॉप, एक प्रिंटर और कई दूसरे आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित लोगों को भारतीय खाद्य निगम, भारतीय स्टेट बैंक और आयकर विभाग सहित कई सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का वादा करते थे और हर पीड़ित से 10 से 15 लाख रुपये तक की रकम वसूलते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपित नौकरी चाहने वालों को धोखा देने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और आधार कार्ड बनाते थे। वे पीड़ितों का भरोसा जीतने के लिए उनके खाते में दो-तीन महीने की सैलरी भी जमा कर देते थे।

आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406 और 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है और फरार दूसरे आरोपितों मोहम्मद मलिक और आकाश को पकड़ने की कोशिश जारी हैं।