भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या दसवें दीपोत्सव के स्वागत के लिए तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार, पर्यटन विभाग और अयोध्या विकास प्राधिकरण आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। राम मंदिर के दर्शन, सरयू घाटों की रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनुभव लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।
दीपोत्सव से पहले अयोध्या के होटल और होम स्टे में एडवांस बुकिंग बढ़ गई है। कई ठहरने के स्थानों पर नवंबर के शुरुआती दिनों के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं। पर्यटकों की बढ़ती मांग से स्थानीय पर्यटन कारोबारियों और दुकानदारों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
8 नवंबर तक होटल के सभी कमरे बुक
नए घाट के पास स्थित रामप्रस्थ होटल के मैनेजर लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि उनके होटल में 4 से 8 नवंबर तक के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव को लेकर पर्यटकों में काफी उत्साह है। अयोध्या में हो रही तैयारियों को देखकर लोग प्रसन्नता जाहिर कर रहे हैं।
होम स्टे में 2 से 10 नवंबर तक एडवांस बुकिंग
अयोध्या स्टेशन रोड स्थित अवध होम स्टे के संचालक अम्बरीश पाण्डेय के मुताबिक, उनके यहां 2 से 10 नवंबर तक के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि सरकार और अयोध्या विकास प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय से पर्यटकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।होटल और होम स्टे में बढ़ती बुकिंग से दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में ठहरने की सुविधाओं की मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बेहतर व्यवस्थाओं से यादगार बनेगी पर्यटकों की यात्रा
पर्यटक गाइड ओ.पी. सैनी ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। उनके अनुसार, सड़क, घाट, पार्किंग और रोशनी जैसी व्यवस्थाओं में सुधार से पर्यटकों को सुविधा मिल रही है।
गाइड पर्यटकों को राम जन्मभूमि, सरयू घाट और अन्य धार्मिक स्थलों के बारे में जानकारी देने के साथ मार्गदर्शन भी कर रहे हैं, ताकि उनकी यात्रा सुगम और यादगार बन सके।
राम और हनुमान जी की मूर्तियों की बढ़ी मांग
दीपोत्सव की रौनक का असर अयोध्या के स्थानीय बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। मूर्तिकार और धार्मिक सामग्री विक्रेता राजकुमार ने बताया कि राम और हनुमान जी की मूर्तियों, दीयों और पूजा सामग्री की मांग बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय व्यापार को लाभ मिल रहा है।
दीपोत्सव के मद्देनजर होटल संचालकों, होम स्टे कारोबारियों, गाइडों और धार्मिक सामग्री विक्रेताओं में उत्साह है। आयोजन से अयोध्या के पर्यटन कारोबार को गति मिलने और स्थानीय व्यापारियों को बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।