Breaking News

चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार     |   16 जुलाई को जुटेगी कांग्रेस पार्लियामेंट्री टीम, सोनिया गांधी की अगुवाई में मंथन     |   बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT ने दान की गिनती वाली जगह का निरीक्षण किया     |   शाहरुख खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, 'मन्नत' में रेनोवेशन का रास्ता साफ     |   बिहार में बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी: आज समीक्षा करेंगे नितिन नबीन     |  

इंदौर में दूषित पानी को लेकर सर्वे जारी, मृतकों की संख्या के अलग-अलग आंकड़े

Madhya Pradesh: दूषित पेयजल से दस्त के प्रकोप पर काबू पाने के लिए मध्य प्रदेश में इंदौर के भागीरथपुरा में जिला अधिकारियों का सर्वे रविवार को जारी रहा। सर्वे शनिवार को शुरू हुआ था। सर्वे का मकसद जल्द मरीजों की पहचान करना है, ताकि समय रहते उनका इलाज किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर नमूने ले रही हैं और लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही हैं।

दूषित पानी के स्रोत का पता लगाने के लिए पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है। भागीरथपुरा में टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है। हालांकि, लोगों का आरोप है कि उनकी रोजमर्रे की जरूरतों के अनुरूप पानी की आपूर्ति पर्याप्त नहीं है। साथ ही जो भी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, वो पीने लायक नहीं है।

अधिकारियों के मुताबिक दस्त के कारण अब तक 354 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें 205 को डिस्चार्ज कर दिया गया। 149 मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें 20 आईसीयू में भर्ती हैं। प्रशासन के मुताबिक अब तक छह मरीजों की मौत हुई है।

हालांकि, इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने शुक्रवार को कहा था कि उन्हें इस प्रकोप से जुड़े 10 लोगों के मौत की जानकारी है। उधर आम लोगों का दावा है कि अब तक 16 लोगों की जान जा चुकी है।