मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए इस त्योहार पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अपने प्रियजनों को उपहार देते समय उत्तर प्रदेश के हुनरमंद कारीगरों और शिल्पकारों के उत्पादों को प्राथमिकता दें। इससे प्रदेश की पारंपरिक कला और समृद्ध विरासत को सम्मान मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दीपावली आत्मीयता, उल्लास और लोकमंगल की भावना का पर्व है। इस अवसर पर ओडीओपी (एक जनपद-एक उत्पाद) योजना के तहत तैयार उत्पादों को उपहार में देकर प्रदेश के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के परिश्रम का सम्मान किया जा सकता है।
यूपी के निर्यात में ओडीओपी उत्पादों की 50 फीसदी हिस्सेदारी
सीएम योगी ने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद योजना ने उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कलाओं और उत्पादों को नई पहचान दिलाई है। आज प्रदेश के कुल निर्यात में ओडीओपी उत्पादों की करीब 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं, 81 जीआई टैग के जरिए उत्तर प्रदेश के खास उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है।
'वोकल फॉर लोकल' से मजबूत होगा आत्मनिर्भर यूपी का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली पर स्थानीय उत्पादों को अपनाना प्रदेश की विरासत और हुनरमंद लोगों के प्रति सम्मान जताने का एक अच्छा तरीका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' के आह्वान को अपनाने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की। सीएम योगी ने कहा कि इससे प्रदेश के कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती मिलेगी।