Breaking News

असम में बाढ़ की स्थिति बेहद चिंताजनक, बढ़-चढ़कर करें मदद: केजरीवाल     |   कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ वारंट जारी     |   NEET पेपर लीक मामला: राउज एवेन्यू कोर्ट ने रिकॉर्ड पर ली चार्जशीट     |   असम में बाढ़ की स्थिति बेहद चिंताजनक, बढ़-चढ़कर करें मदद: केजरीवाल     |   'सच बोलती रहूंगी', शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर दिए गए बयान पर बोलीं प्रियंका गांधी     |  

राजौरी में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही, घरों में घुसा पानी, 15 ट्रांसफॉर्मर बहे, 200 क्षतिग्रस्त

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में हाल ही में आई फ्लैश फ्लड से बिजली और जल आपूर्ति से जुड़े बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ का पानी कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजौरी के जल शक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता जुल्फकार अली ने बताया कि फ्लैश फ्लड के कारण डग वेल, पंप वेल और बोरवेल समेत पानी के कई स्रोतों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि घरों में पानी घुसने की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से टैंक लगाए जा रहे हैं और पाइपलाइन का विस्तार किया जा रहा है, ताकि राजौरी के लोगों को पीने और घरेलू जरूरतों के लिए पानी उपलब्ध कराया जा सके।

जुल्फकार अली ने कहा कि प्रशासन फिलहाल स्थिति का आकलन कर रहा है और प्रभावित इलाकों में पानी की आपूर्ति बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इससे पहले 24 जुलाई को अधिकारियों ने बताया था कि राजौरी जिले में आई फ्लैश फ्लड में 15 ट्रांसफॉर्मर बह गए, जबकि करीब 200 अन्य ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते पूरे जिले में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई।

राजौरी पावर डेवलपमेंट डिपार्टमेंट (PDD) के कार्यकारी अभियंता जावेद अख्तर के मुताबिक, बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। कई प्रभावित इलाकों में बिजली बहाल कर दी गई है, जबकि बाकी क्षेत्रों में भी मरम्मत और बहाली का काम चल रहा है। इससे पहले 21 जुलाई की सुबह से राजौरी जिले में भारी बारिश हुई थी। इसके बाद जिला प्रशासन और राजौरी पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह जारी की थी। प्रशासन ने नदी और नालों में जलस्तर बढ़ने के साथ फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की थी।

जिला प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदियों, नालों तथा बाढ़ संभावित इलाकों से दूर रहने को कहा था। लोगों को बाढ़ के पानी से भरी सड़कों या पुलों को पार करने की कोशिश न करने और मौसम संबंधी अपडेट के साथ प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई थी।