Breaking News

बारामूला के पट्टन में मस्जिद में भीषण आग, पूरी इमारत जलकर राख     |   बिरसा मुंडा जयंती पर PM मोदी ने किया नमन, जनजातीय गौरव दिवस की दी शुभकामनाएं     |   दिल्ली में एयर प्यूरीफायर की मांग 5 गुना बढ़ी, GST कटौती के लिए CTI ने वित्त मंत्री को लिखी चिट्ठी     |   अमेरिका में सस्ता हुआ डीजल, दो महीने बाद 6 डॉलर प्रति गैलन से नीचे आई कीमत     |   हमास को बड़ा झटका, इजरायली हमले में सैन्य कमांडर समीर अबू यूनिस ढेर     |  

बद्रीनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी, 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे मंदिर के कपाट

उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में रविवार को ताजा बर्फबारी हुई। मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने से ठीक एक दिन पहले हुई। बर्फबारी ने पूरे धाम को बर्फ की सफेद चादर से ढक दिया। बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियों ने बद्रीनाथ धाम की खूबसूरती और बढ़ा दी है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को प्रकृति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।

बर्फबारी के बाद बद्रीनाथ धाम और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है। तापमान में तेजी से गिरावट आई है और पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि, ठंड और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

16 नवंबर को बंद होंगे बद्रीनाथ धाम के कपाट

बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद करने से जुड़ी धार्मिक परंपराओं और अनुष्ठानों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हर साल सर्दियों की शुरुआत के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम कठिन हो जाता है। ऐसे में कपाट बंद होने के साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।

बर्फबारी से बढ़ी धाम की खूबसूरती

कपाट बंद होने से पहले हुई बर्फबारी ने बद्रीनाथ धाम को बेहद खूबसूरत बना दिया है। आसपास की पहाड़ियां और चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। अचानक बदले मौसम के कारण ठंड काफी बढ़ गई है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था पर इसका असर नहीं पड़ा है।

108 दिव्य देशम में शामिल है बद्रीनाथ धाम

भगवान विष्णु को समर्पित बद्रीनाथ धाम वैष्णव संप्रदाय के 108 दिव्य देशम में प्रमुख स्थान रखता है। यह पंच बदरी मंदिरों में भी शामिल है। पंच बदरी में बद्रीनाथ मंदिर के अलावा योग ध्यान बदरी, भविष्य बदरी, आदि बदरी और वृद्ध बदरी शामिल हैं।

बद्रीनाथ मंदिर के तीन प्रमुख हिस्से हैं। इनमें गर्भगृह, जहां भगवान विराजमान हैं, दर्शन मंडप, जहां धार्मिक अनुष्ठान होते हैं और सभा मंडप शामिल हैं, जहां श्रद्धालु एकत्र होते हैं। हर साल चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं।