Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

EC ने बिहार के लिए मतदाता सूची का मसौदा किया प्रकाशित, लखीसराय में 48,000 से अधिक नाम हटाए

Bihar: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले महीने भर चले विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के पूरा होने के बाद चुनाव आयोग ने शुक्रवार को बिहार के लिए मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया। आयोग ने कोई संकलित सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है, लेकिन मतदाता आयोग की वेबसाइट पर अपना नाम देख सकते हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार, जून में एसआईआर शुरू होने से पहले राज्य में 7.93 करोड़ पंजीकृत मतदाता थे। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हाल ही में प्रकाशित मसौदा सूची में कितने मतदाता हैं। लखीसराय जिले में मृत्यु, दोहराव, प्रवास या अनुपस्थिति के आधार पर नई मसौदा सूची में 48,000 से अधिक नाम हटा दिए गए हैं। 

जिलाधिकारी मिथिलेश शर्मा ने कहा कि पिछली सूची के 93 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने दस्तावेज जमा कर दिए हैं, इसलिए उन्हें मसौदा सूची में शामिल किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सूची के प्रिंटआउट विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बाद में उपलब्ध कराए जाएँगे। मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही "दावों और आपत्तियों" की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो एक सितंबर तक जारी रहेगी।

इस अवधि के दौरान मतदाता गलत तरीके से नाम हटाए जाने की शिकायत लेकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं और समाधान की मांग कर सकते हैं। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

एसआईआर के पहले चरण में मतदाताओं को बूथ-स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) या राजनीतिक दलों द्वारा नामित बूथ-स्तरीय एजेंटों (बीएलए) द्वारा "गणना प्रपत्र" प्रदान किए गए थे, जिन्हें उन्हें अपने हस्ताक्षर करने और पहचान के प्रमाण के रूप में स्वीकार्य दस्तावेज़ संलग्न करने के बाद वापस करना था।

लोगों के पास इन गणना प्रपत्रों को डाउनलोड करके ऑनलाइन जमा करने का विकल्प भी था। ये प्रक्रिया 25 जुलाई तक पूरी हो गई और चुनाव आयोग के अनुसार, "7.23 करोड़ मतदाताओं" ने अपने गणना प्रपत्र जमा किए, जबकि 35 लाख मतदाता "स्थायी रूप से पलायन कर गए या लापता" पाए गए।

जबकि अन्य 22 लाख मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है और सात लाख लोग एक से अधिक मतदाता सूची में मतदाता के रूप में पंजीकृत थे। चुनाव आयोग ने यह भी दावा किया कि 1.2 लाख मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए।

यह विशाल कार्य 77,895 मतदान केन्द्रों पर तैनात बी.एल.ओ. द्वारा किया गया, जिन्हें 243 ई.आर.ओ. (निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी) और 2,976 सहायक ई.आर.ओ. की देखरेख में 1.60 लाख बी.एल.ए. और अन्य स्वयंसेवकों की सहायता प्राप्त हुई।

विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह आगामी चुनावों में सत्तारूढ़ एनडीए की "मदद" करने के लिए किया गया है। इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में भी याचिकाएँ दायर की गईं, जिसने इस हफ़्ते की शुरुआत में कहा कि एसआईआर का परिणाम "सामूहिक समावेशन होना चाहिए, न कि सामूहिक बहिष्कार होना चाहिए।"