Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

कैप्टन स्मित मच्छर को अशोक चक्र देने की मांग, मिलिंद देवड़ा ने PM मोदी को लिखा पत्र

शिवसेना के राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मुंबई में जन्मे पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को प्रतिष्ठित अशोक चक्र देने का अनुरोध किया है। कैप्टन स्मित ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हुई एक गंभीर घटना के दौरान साहस दिखाया था। मिलिंद देवड़ा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और शिवसेना की ओर से यह पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। उन्होंने कैप्टन स्मित को “मुंबई का वह बेटा जिसने सबसे मुश्किल समय में असाधारण साहस दिखाया” बताया।

देवड़ा ने पत्र में कहा कि बेहद मुश्किल स्थिति के बावजूद कैप्टन स्मित ने अपनी जान से पहले विमान में मौजूद लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने कार्रवाई जारी रखी। उन्होंने कैप्टन के इस कदम को साहस, निस्वार्थ सेवा और कर्तव्य भावना का उदाहरण बताया।

उड़ान के दौरान हुआ था गंभीर हमला

30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर सुरक्षा संकट पैदा हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, ओमान के सह-पायलट ने कथित तौर पर विमान के कमांडर पर चाकू से हमला किया। इसके बाद विमान तेजी से नीचे आया और करीब दो मिनट में लगभग 16 हजार फीट की ऊंचाई कम हो गई।

इस दौरान विमान से हाईजैकिंग संबंधी इमरजेंसी सिग्नल भी भेजा गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हमलावर का सामना किया। फ्लाइट क्रू और यात्रियों ने भी कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की। इसके बाद चालक दल ने विमान पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया। विमान की सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में मौजूद सभी 180 लोग सुरक्षित बाहर निकल गए।

पीएम मोदी ने भी कैप्टन स्मित से की बात

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छर से वीडियो कॉल पर बात की थी। कैप्टन ने प्रधानमंत्री को घटना के दौरान अपने अनुभव के बारे में बताया और मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत देने वाली बातों को साझा किया। पीएम मोदी ने उनके साहस की सराहना करते हुए जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

UAE के अस्पताल में चल रहा इलाज

यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल में कैप्टन स्मित और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि कैप्टन की हालत स्थिर है और वह अच्छी तरह से रिकवर कर रहे हैं। राजदूत ने प्रसार भारती से बातचीत में कहा कि कैप्टन स्मित का इलाज अच्छे तरीके से चल रहा है। उन्होंने बताया कि कैप्टन का मनोबल ऊंचा है और वह बातचीत कर रहे हैं। भारतीय दूतावास भी उनके इलाज को लेकर संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। दीपक मित्तल ने कैप्टन स्मित को “भारत का बहादुर बेटा” बताते हुए कहा कि संकट के समय उनके साहसिक कदमों ने बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की।