Breaking News

‘छात्रों पर पैलेट गन से हमला क्यों, उनको मारना-पीटना बंद हो’, बोले राहुल गांधी     |   दिल्ली: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल छात्रों से मिले राहुल गांधी     |   ‘प्रदर्शनकारी छात्रों पर लगाए केसों को हटाने पर विचार करेगी सरकार’, CJP का बयान     |   ‘धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर समझौता नहीं’, सरकार संग मीटिंग के बाद CJP ने कहा     |   दिल्ली: जंतर-मंतर के आसपास कई स्थानों पर फेशियल रिकॉग्निशन कैमरे लगाए गए     |  

कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली सरकार की तैयारियां पूरी, CM रेखा गुप्ता ने दिए सुरक्षा और सुविधाओं के निर्देश

दिल्ली सरकार ने सावन के पवित्र महीने में हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थानों से गंगाजल लेकर राजधानी पहुंचने वाले कांवड़ियों के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से पूरी हो सके।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। सावन के दौरान जब लाखों शिव भक्त 'हर हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारे लगाते हुए दिल्ली की सड़कों से गुजरते हैं, तो पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में आने वाले हर कांवड़िए का सम्मान के साथ स्वागत करने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

दिल्ली सचिवालय में हुई इस बैठक में दिल्ली के कला एवं संस्कृति मंत्री और कांवड़ समिति के अध्यक्ष कपिल मिश्रा समेत समिति के सदस्य विधायक अजय महावर, अनिल शर्मा, करनैल सिंह, संजय गोयल और उमंग बजाज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को सभी तैयारियां सेवा भाव और आपसी समन्वय के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दिल्ली के प्रमुख रास्तों और प्रवेश मार्गों पर कांवड़ियों के स्वागत के लिए स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। भक्तों के स्वागत के लिए फूलों की वर्षा की भी व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में जाकर कांवड़ियों का स्वागत करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोग हमेशा से भगवान शिव के भक्तों के प्रति आस्था और सेवा की भावना रखते आए हैं। इस साल भी सरकार और जनता मिलकर कांवड़ यात्रा को भक्ति, सेवा और आतिथ्य से भरा यादगार अवसर बनाएंगे। कांवड़ समितियों के लिए अनुमति और अन्य सुविधाएं लेने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि समितियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कांवड़ समितियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और उनकी जरूरत के अनुसार हर संभव मदद देने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ शिविरों में आने वाले भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सीएम रेखा गुप्ता ने कांवड़ शिविरों में साफ-सफाई को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने 24 घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखने और पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए। मोबाइल टॉयलेट की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता, नियमित सफाई और रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ शिविरों में लगाए जाने वाले सभी मोबाइल टॉयलेट अच्छी गुणवत्ता के होने चाहिए और उनकी सफाई व रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कांवड़ियों के लिए स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को सभी शिविरों में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की अलग-अलग शिफ्ट में तैनाती की जाएगी, ताकि दिन-रात जरूरत पड़ने पर भक्तों को चिकित्सा सहायता मिल सके।

इसके अलावा सुरक्षित पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, बिजली की लगातार आपूर्ति और बारिश के दौरान जलभराव से निपटने के लिए पहले से जरूरी इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रा के मार्गों पर ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय कर बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, PCR की तैनाती और दुर्घटनाओं को रोकने से जुड़े सभी इंतजाम पहले से पूरे करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रमुख प्रवेश मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था इस तरह की जाए कि कांवड़ियों की धार्मिक यात्रा बिना किसी परेशानी के जारी रहे और आम लोगों को भी कम से कम असुविधा हो। हिंदू धर्म में सावन का विशेष महत्व है। इस दौरान भगवान शिव का आशीर्वाद पाने के लिए भक्त व्रत रखते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं। सावन के महीने में घरों और मंदिरों में शिव मंत्रों का जाप, भजन और भगवान शिव का रुद्राभिषेक श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है।