Breaking News

CM विजय का बड़ा ऐलान, चेन्नई में 20 लाख वर्गफुट में बनेगा नया सचिवालय     |   राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (रिटायर्ड) अयोध्या पहुंचे     |   'ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों पर लगाएंगे प्रतिबंध', अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो बोले     |   एक्टर दुनिया विजय के बेटे के खिलाफ केस दर्ज, क्लासमेट से दुर्व्यवहार करने पर एक्शन     |   'ईरान पर फिर से अटैक करने को तैयार अमेरिका', ट्रंप का बड़ा ऐलान     |  

दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने 50 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी, लैंडफिल साइट पर बनेगा ‘ऑक्सीजन पार्क’

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को राजधानी में स्वच्छ और बेहतर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 50 से ज्यादा नई इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की। इसके साथ ही तेखंड में ऑटोमेटेड वाहन टेस्टिंग स्टेशन और लोगों के लिए नए EV चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का फोकस सिर्फ समस्याओं पर चर्चा करने के बजाय उनका समाधान निकालने पर है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों और चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत स्वच्छ परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम है।

मुख्यमंत्री ने ओखला के पुराने कूड़े के पहाड़ को हटाकर खाली की गई जमीन पर ‘ऑक्सीजन पार्क’ बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि ओखला डंपिंग स्टेशन पर करीब 70 लाख मीट्रिक टन कचरा जमा था, जिसे साफ कर दिया गया है। अब यहां पिछले एक साल में जमा हुआ ताजा कचरा ही बचा है। रेखा गुप्ता ने कहा कि इस कचरे के कारण वर्षों तक बदबू और प्रदूषण झेलने वाले लोगों को अब इस जगह से स्वच्छ हवा और बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस जगह से करीब 37 एकड़ जमीन खाली कराई गई है और जल्द ही यहां ऑक्सीजन पार्क बनाने का काम शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने तेखंड में ऑटोमेटेड वाहन टेस्टिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया। इस सेंटर में हर साल करीब 72,000 वाहनों की फिटनेस जांच की जा सकेगी। रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि इस टेस्टिंग स्टेशन की आधारशिला नवंबर में रखी गई थी और कुछ ही महीनों में इसका काम पूरा कर लिया गया। उन्होंने इसके लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली-रेवाड़ी इंटर-स्टेट ई-बस सेवा शुरू करने की भी घोषणा की। इसके अलावा हसनपुर और गाजीपुर डिपो पर लोगों के लिए दो नए पब्लिक EV चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किए गए हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन को ज्यादा सुविधाजनक, सुरक्षित और लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध बनाना है, ताकि दिल्ली के लोग इसे अपनी पहली पसंद बनाएं। इस मौके पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, कैबिनेट मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।