आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोजेक्ट राज्य की "स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस" का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश तेजी से देश के प्रमुख रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है। पुट्टपर्थी में आयोजित AMCA प्रोजेक्ट के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि यह परियोजना भारत की तकनीकी क्षमता और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान की सफलता को दर्शाती है। उन्होंने "ऑपरेशन सिंदूर" का उल्लेख करते हुए इसे भारत की बढ़ती तकनीकी ताकत का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, AMCA परियोजना करीब 15,803 करोड़ रुपये के निवेश से लगभग 650 एकड़ क्षेत्र में स्थापित की जा रही है। इस परियोजना से एक समर्पित टाउनशिप विकसित होगी और लगभग 7,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और राज्य मंत्री नारा लोकेश ने संयुक्त रूप से परियोजना की आधारशिला रखी।
AMCA परियोजना के साथ-साथ ड्रोन सिटी पहल के तहत कई अन्य रक्षा परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। इनमें फ्लाइट टेस्टिंग सेंटर, नौसेना प्रणाली निर्माण इकाई, डिफेंस एनर्जेटिक्स यूनिट, गोला-बारूद संयंत्र और ड्रोन सिटी से जुड़ी आधारभूत परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने एक रक्षा प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया, जिसमें मिसाइलें, हथियार और लड़ाकू विमान का प्रोटोटाइप प्रदर्शित किया गया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, AMCA एयरक्राफ्ट इंटीग्रेशन और फ्लाइट टेस्टिंग सेंटर भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान कार्यक्रम के विकास को गति देगा। यहां विमान के एकीकरण, परीक्षण, प्रमाणीकरण और सत्यापन से जुड़ी सभी प्रमुख प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आंध्र प्रदेश में भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL) की नौसेना प्रणाली निर्माण सुविधा और अन्य रक्षा व विनिर्माण परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी।