Breaking News

लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |   टीसीएस बीपीओ मामले में नासिक पुलिस की SIT टीम निदा खान की तलाश में मुंब्रा पहुंची     |   दिल्ली के कुछ हिस्सों में गरज के साथ जोरदार बारिश हुई     |  

Kerala: मोनालिसा की शादी को लेकर बढ़ा विवाद, जांच के लिए कोच्चि पहुंची मध्य प्रदेश पुलिस

Kerala: प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान सुर्खियों में आई मोनालिसा की शादी की जांच के लिए मध्य प्रदेश पुलिस की एक टीम गुरुवार कोच्चि पहुंची। मोनालिसा ने अपने एक मुस्लिम दोस्त से केरल के एक मंदिर में विवाह कर लिया था। युवती और उसका दोस्त मोहम्मद फरमान फिलहाल कोच्चि में रह रहे हैं। फरमान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पालरा का निवासी है और पिछले महीने उसने तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में इस युवती से शादी की थी।

लड़की के माता-पिता ने दावा किया है कि मोनालिसा की उम्र केवल 16 साल है और फरमान के खिलाफ मध्यप्रदेश के महेश्वर थाने में मामला दर्ज है। केरल उच्च न्यायालय ने आठ अप्रैल को फरमान को 20 मई तक गिरफ्तारी से अस्थायी राहत दी थी।

मध्यप्रदेश के महेश्वर थाने की एक महिला अधिकारी समेत पांच सदस्यीय एक टीम सुबह यहां थ्रीक्काकारा थाने पहुंची और थाना प्रभारी से मुलाकात की। थ्रीक्काकारा थाने के अधिकारियों ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने उसके थानाक्षेत्र में रहने वाले फरमान के दोस्त का विवरण प्राप्त करने के लिए उनसे संपर्क किया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हालांकि उसका पता नहीं चल सका।

अधिकारियों ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस को जानकारी है कि मोनालिसा और फरमान कालामस्सेरी में रहते हैं। इस जांच में शामिल मध्यप्रदेश के एक पुलिस अधिकारी ने थ्रीक्काकारा थाने में मीडिया को बताया कि ऐसे दस्तावेजों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जिनसे पता चलता है कि लड़की केवल 16 साल की है।

उन्होंने यह भी कहा कि तिरुवनंतपुरम में विवाह पंजीकरण के लिए जमा किए गए आधार कार्ड के सत्यापन की आवश्यकता है। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम जांच के सिलसिले में यहां आए हैं। शादी का वीडियो तिरुवनंतपुरम का है, लेकिन युवती फिलहाल यहीं रह रही है।’’

इस बीच, मोनालिसा ने केरल के पुलिस प्रमुख और कोच्चि के पुलिस आयुक्त को एक आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है। अपने आवेदन में उसने दावा किया कि वह 18 साल की है। उसने आरोप लगाया कि उसे जबरन मध्यप्रदेश ले जाने की कोशिश की जा सकती है। उसने ऐसी किसी भी हरकत को रोकने के लिए उसके और फरमान के वास्ते पुलिस सुरक्षा की मांग की।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की केरल इकाई के सचिव एम.वी. गोविंदन, मंत्री वी. शिवनकुट्टी और राज्यसभा सदस्य ए.ए. रहीम सहित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी नेता पिछले महीने तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में आयोजित दोनों की शादी में शामिल हुए थे। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव बिनॉय विश्वम सहित वामपंथी नेताओं ने मामले के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है।