Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

MP News: किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस का राजमार्ग पर चक्काजाम, वाहनों की लंबी कतारें लगीं

MP News: इंदौर में कांग्रेस ने कृषि क्षेत्र के कई मुद्दों को लेकर गुरुवार को आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम किया और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। शहर के पिगडंबर क्षेत्र में हुए विरोध प्रदर्शन के चलते राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ये प्रदर्शन इस व्यस्त राजमार्ग पर कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय ‘चक्काजाम आंदोलन’ का हिस्सा था।

आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने इंदौर में प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से कहा कि सूबे की अर्थव्यवस्था किसानों पर आधारित है, लेकिन बीजेपी के राज में अन्नदाताओं को उनका जायज हक और न्याय नहीं मिल रहा।

भूरिया ने आरोप लगाया कि सोयाबीन भावांतर योजना में ‘जबर्दस्त लूट’ मची है और मंडियां ‘कॉर्पोरेट का अड्डा’ बन गई हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं दिला पा रही।

भूरिया ने कहा कि किसानों के मुद्दों पर आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘आखिरी में हमें अगर किसी की कॉलर पकड़नी पड़ी, तो हम वो भी पकड़ेंगे।’’ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर ‘कुंभकर्ण की नींद’ में सोई है।

पटेल ने कहा, ‘‘हम किसानों के मौलिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं। हम सरकार से कोई भीख नहीं मांग रहे हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गेहूं की सरकारी खरीद पर्याप्त मात्रा में नहीं हो रही और किसान खाद-बीज की समस्या से भी जूझ रहे हैं।