दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को छठ पूजा के अवसर पर राजधानी के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने व्रत रखने वाले सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होने और हर परिवार के सुख, समृद्धि व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का सुंदर प्रतीक है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने संदेश में कहा कि छठ महापर्व आस्था का महान उत्सव है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना हमारी संस्कृति और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाता है। उन्होंने छठी मैया और भगवान भास्कर से सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूरी करने और हर परिवार को सुख, समृद्धि व उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद देने की प्रार्थना की।
अरविंद केजरीवाल और अधीर रंजन चौधरी ने भी दी बधाई
छठ पूजा के अवसर पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया और सूर्य देव से सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करने और उनके घर-आंगन को खुशियों से भरने की प्रार्थना की।
वहीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी छठ पर्व की बधाई देते हुए सभी परिवारों के लिए शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
दिल्ली में 1400 से अधिक छठ घाटों पर विशेष इंतजाम
छठ पूजा को देखते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी में 1400 से अधिक छठ घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार सुबह उगते सूर्य की पूजा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यमुना किनारे बने प्रमुख घाटों के साथ उत्तर दिल्ली में मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट भी तैयार किया गया है। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, पीने के पानी, शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है।
13 से 16 नवंबर तक मनाया जा रहा छठ महापर्व
छठ पूजा चार दिवसीय महापर्व है। यह पर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित है। इसमें श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य देकर पृथ्वी पर जीवन बनाए रखने के लिए प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करते हैं। इस वर्ष छठ पूजा का आयोजन 13 से 16 नवंबर तक किया जा रहा है।