Breaking News

चक्रवात मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में उखड़े पेड़     |   यूपी में आज बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता     |   'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरेगी BJP, यूपी के 6 क्षेत्रों में पदयात्रा     |   ट्रंप प्रशासन को SC से झटका, कैलिफोर्निया के 20 हजार बैलेट गिनने पर रोक की मांग खारिज     |  

दीपोत्सव की तैयारियों पर सीएम योगी सख्त, बोले- अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी

दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित पीएफसी सभागार में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या आने वाले किसी भी श्रद्धालु, अतिथि या पर्यटक को परेशानी नहीं होनी चाहिए। दीपोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने वीवीआईपी अतिथियों, साधु-संतों और विशिष्ट लोगों के आगमन से लेकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

पेयजल, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

सीएम योगी ने दीपोत्सव के दौरान पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों, घाटों और आयोजन स्थलों पर लगातार सफाई होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और आवागमन के इंतजाम भी मजबूत किए जाएं।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर तैयारियों की निगरानी करने और कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।

घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाने की अपील

मुख्यमंत्री ने अयोध्यावासियों से दीपोत्सव को जनभागीदारी का उत्सव बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाएं। इसके साथ ही शैक्षणिक, सामाजिक और अन्य संस्थान भी अपने परिसरों में दीप प्रज्ज्वलित करें, ताकि पूरी रामनगरी दीपों की रोशनी से जगमगा उठे।

उन्होंने कहा कि दीपोत्सव की भव्यता केवल आयोजन स्थलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे जनपद की भागीदारी इसमें दिखाई देनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।