Breaking News

आंखों में डाला मिर्च पाउडर, लाठी-डंडों से की पिटाई... दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला     |   यूपी, राजस्थान में स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री-वीडियोग्राफी पर रोक को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती     |   मुंबई: सरकारी स्कूलों के ऑडिट को लेकर CJP का विरोध, हेडमास्टर ने दर्ज कराई शिकायत     |   गौतमबुद्धनगर में 13 दिनों के लिए BNSS की धारा 163 लागू     |   राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सोमवार को जाएंगे चीन दौरे पर     |  

CM योगी ने मेरठ में कांवड़ियों पर बरसाए फूल, कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में कांवड़ियों और भगवान शिव के भक्तों पर फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने जारी कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने हेलीकॉप्टर से मेरठ क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया और कांवड़ यात्रा को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। मेरठ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सावन की पवित्र कांवड़ यात्रा जारी है और देशभर से लाखों शिव भक्त इसमें शामिल हो रहे हैं। कांवड़िए हरिद्वार के हर की पौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सावन शिवरात्रि तक करीब 4 से 4.5 करोड़ श्रद्धालुओं के कांवड़ यात्रा में शामिल होने का अनुमान है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से सभी कांवड़ियों का स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा के साथ-साथ सामाजिक एकता, समानता और राष्ट्रीय एकता की मिसाल भी पेश करती है।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह तैयार है। यात्रा के दौरान प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। हर साल सावन के महीने में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं। श्रद्धालु हरिद्वार समेत अन्य पवित्र स्थानों से गंगाजल लेकर भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। हिंदू धर्म में सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। इस दौरान भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है। इस साल सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगा।