Breaking News

महुआ मोइत्रा के भेदभाव के आरोपों को अल्पसंख्यक आयोग ने किया खारिज     |   मुंबई क्राइम ब्रांच का एक्शन, गोवंडी में 2.53 करोड़ की नशीली गोलियां जब्त     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को सराहा, बोले- दुनिया 'Made in India' प्लेन की चर्चा भी करेगी     |   RBI का रेपो रेट पर बड़ा बदलाव, 5.25 से बढ़ाकर 5.50% किया     |   केरल: कोऑपरेटिव सोसाइटी फ्रॉड केस में ED की रेड, 20 ठिकानों पर छापेमारी     |  

सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में बदला यूपी, माफिया मिट्टी में मिले

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। माफिया का सफाया हुआ है और प्रदेश की विरासत उसकी नई पहचान बन रही है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर इसके उदाहरण हैं।

सीएम योगी संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के एक हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल हुए।

गुजरात से शुरू हुआ सफर, पूरे देश को मिला अनुभव

सीएम योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। उस समय गुजरात भूकंप की त्रासदी से जूझ रहा था। कई महीनों तक भूकंप के झटके महसूस किए गए, लेकिन मोदी के नेतृत्व में गुजरात दोबारा खड़ा हुआ और देश के सामने एक मॉडल स्टेट के रूप में आया।

उन्होंने कहा कि 25 साल पहले गुजरात से शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का अनुभव आज पूरा भारत ले रहा है। भारत सुरक्षित और समृद्ध हुआ है और दुनिया के सामने एक मजबूत देश के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई भी दी।

हर गांव और जिले को बनना होगा आत्मनिर्भर

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन विकसित और आत्मनिर्भर भारत का है। यह लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब हर जिला, गांव, कस्बा और राज्य आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्पों के अभिनंदन के साथ एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को भी मजबूत कर रही है। युवाओं की यही ऊर्जा 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

‘पहले माफिया की नजर पड़ते ही जमीन उसकी हो जाती थी’

सीएम योगी ने पिछली सरकारों के कार्यकाल की कानून व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करीब 10 साल पहले जिस जमीन पर माफिया खड़ा हो जाता था, वह उसकी हो जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस जमीन पर किसी सपाई की नजर पड़ जाती थी, उसे भी अपना समझ लिया जाता था।

उन्होंने कहा कि उस समय बेटियां सूर्यास्त के बाद घर से बाहर निकलने से डरती थीं और व्यापारी भय के माहौल में रहते थे। त्योहारों से पहले उत्सव की जगह उपद्रव का डर रहता था और प्रदेश पहचान के संकट से गुजर रहा था।

वडनगर और काशी को जोड़ा

सेवा संकल्प यात्रा के जरिए गुजरात के वडनगर से पवित्र जल काशी विश्वनाथ धाम पहुंचाया गया। वहीं, वाराणसी का जल गुजरात के हाटकेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित किया गया।

सीएम योगी ने कहा कि यह यात्रा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार कर रही है। युवाओं ने गर्मी, बारिश और कई तरह की परिस्थितियों का सामना करते हुए यात्रा पूरी की। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान का भी जिक्र किया और युवाओं से आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

500 बाइक से 35,263 किलोमीटर का सफर

वडनगर से काशी तक निकली सेवा संकल्प यात्रा में एक हजार से ज्यादा युवा 500 बाइक पर शामिल हुए। 20 रूट पर यात्रा ने कुल 35,263 किलोमीटर का सफर तय किया।

यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंची। इस दौरान 25 तरह की गतिविधियों के तहत 1,518 सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

यात्रा के दौरान 13,239 पौधे लगाए गए, 516 स्वच्छता अभियान चलाए गए। इसके अलावा 147 लाभार्थी संवाद, 143 युवा संवाद और 122 ग्राम सभाएं भी आयोजित हुईं। युवाओं ने सफाई, पौधरोपण और नशामुक्ति जैसे अभियानों में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यात्रा के दौरान वर्चुअल माध्यम से युवाओं से जुड़े।

कार्यक्रम में कई बड़े नेता रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य समेत जनप्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता और आम लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।