जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के गनीवान इलाके में मंगलवार को एक टूरिस्ट बस सड़क से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अमरनाथ यात्रा से लौट रहे 39 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही CRPF, ITBP और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि घायल श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन करके लौट रहे थे। सभी का इलाज शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SKIMS) में चल रहा है। उपराज्यपाल ने गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को हर संभव मदद और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायल श्रद्धालुओं के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
इससे पहले 27 जुलाई को अमरनाथ यात्रा का 20वां जत्था चंदरकोट से पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ था। भारी बारिश और खराब मौसम के कारण छह दिनों तक यात्रा रोकने के बाद मौसम और हालात की समीक्षा कर यात्रा दोबारा शुरू की गई थी। इस साल की 57 दिनों की अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई है और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी। देशभर से हजारों श्रद्धालु हर साल बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ गुफा पहुंचते हैं।