Breaking News

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में कारगिल दिवस पर शहीद वीर सैनिकों को किया याद     |   जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के बीच खोले गए सलाल बांध के सभी गेट     |   प्रह्लाद जोशी ने शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभाला     |   पहले लोग मैनपुरी नाम से घबराते थे : CM योगी आदित्यनाथ     |   '2028 का चुनाव नहीं लड़ूंगा', सिद्धारमैया ने किया बड़ा ऐलान     |  

नागपुर में बम की धमकी से हड़कंप, RSS मुख्यालय समेत कई जगहों पर सर्च ऑपरेशन

महाराष्ट्र के नागपुर में बम धमाके की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने बुधवार को कई संवेदनशील स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, एक ईमेल के जरिए बम लगाने और विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। नागपुर के डीसीपी (जोन-3) राहुल मदने ने बताया कि पुलिस ने RSS मुख्यालय, हेडगेवार भवन और हरिहर भवन समेत तीन स्थानों की गहन जांच की।

उन्होंने कहा, "ईमेल के माध्यम से बम लगाकर विस्फोट करने की धमकी मिली थी। इसके बाद सभी संबंधित स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पूरी जांच जरूरी थी।" पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान अब तक कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

हाल ही में पुणे के हड़पसर स्थित एक निजी अस्पताल में कम क्षमता वाला विस्फोटक उपकरण मिला था। अस्पताल के एक डॉक्टर ने शौचालय के पास संदिग्ध वस्तु देखी, जिसमें घड़ी जैसी डिवाइस लगी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंचा और उपकरण को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस मामले की जांच पुलिस, एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और क्राइम ब्रांच संयुक्त रूप से कर रही हैं।