इजराइल-जॉर्डन सीमा पर इजरायल में प्रवेश करने की कोशिश करते समय मारे गए 42 वर्षीय थॉमस गेब्रियल पेर्रेरा का पार्थिव शरीर उनके निवास पर लाया गया है। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए सेंट जॉन द बैपटिस्ट चर्च, थुंबा ले जाया गया। गेब्रियल की 10 फरवरी को जॉर्डन-इजरायल सीमा पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
गेब्रियल के परिवार ने रविवार को कहा कि उन्हें एक मार्च को भारतीय दूतावास से एक ईमेल मिला जिसमें उनकी मृत्यु की पुष्टि की गई थी। एक रिश्तेदार ने टीवी चैनल को बताया कि गेब्रियल पांच फरवरी को घर से ये कहकर निकला था कि वे तमिलनाडु में ईसाई तीर्थस्थल वेलंकन्नी जा रहा है।
हालांकि बाद में पता चला कि वे और उसका एक रिश्तेदार एडिसन चार लोगों के ग्रुप में शामिल थे जो एक एजेंट की मदद से जॉर्डन से इजराइल में घुसने की कोशिश कर रहे थे। जॉर्डन की सेना ने उन्हें सीमा पर रोक लिया लेकिन जब वे भागने की कोशिश कर रहे थे तो सैनिकों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
गेब्रियल को कथित तौर पर सिर में गोली लगी थी जबकि एडिसन के पैर में चोट लगी थी और उसे जॉर्डन के सैन्य अस्पताल में ले जाया गया था। गेब्रियल के परिवार में उनकी पत्नी क्रिस्टीना हैं।