Breaking News

दिल्ली पुलिस ने बस में मारपीट के मामले में NSUI की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की     |   PM मोदी आज एशियन गेम्स के पदक विजेताओं से मिलेंगे     |   दिल्ली: अंकिता भंडारी मर्डर केस को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस नेता पुलिस हिरासत में     |   इंडिया गेट पर हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को रिहा किया     |   अमेरिका में नवरात्रि उत्सव के दौरान गोलीबारी की साजिश के आरोप में 19 साल का युवक गिरफ्तार     |  

2014 से पहले गंदगी और बेसहारा पशुओं से जूझती थी काशी, अब पीएम मोदी के नेतृत्व में बदली तस्वीर: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में काशी की तस्वीर में बड़ा बदलाव आया है। अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए काशी आज नए स्वरूप और नई आभा के साथ आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को वाराणसी में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2014 से पहले की काशी का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर, सड़कों पर घूमते बेसहारा पशु, संकरी गलियां, बिजली की कमी और जाम की समस्या आम थी। लोगों ने इन परेशानियों को अपनी नियति मान लिया था। सीएम योगी ने कहा कि आज उसी काशी में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। शहर का विकास उसकी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए किया जा रहा है।

विकास कार्यों को सुरक्षित रखना समाज की भी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार निर्माण कार्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास की जिम्मेदारी निभा सकती है, लेकिन इन सुविधाओं को सुरक्षित रखना और उनका संरक्षण करना जागरूक समाज की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि यदि जनता जागरूक नहीं होगी, तो बड़े से बड़ा निर्माण भी जल्द खंडहर में बदल सकता है। इसलिए शहर की स्वच्छता और विकास को बनाए रखने के लिए जनभागीदारी जरूरी है।

नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का लिया जायजा

अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पहुंचकर आगामी एयर शो की तैयारियों का निरीक्षण किया। वाराणसी में यह एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित होना प्रस्तावित है, जबकि 26 अक्टूबर को वैकल्पिक दिन के रूप में रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारियों की समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के 25 अक्टूबर को एयर शो में शामिल होने का कार्यक्रम है।

सुरक्षा और व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

सीएम योगी ने अधिकारियों को नमो घाट सहित गंगा के अन्य घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और एयर शो से जुड़ी सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस, जिला प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने परियोजना के नक्शे के माध्यम से मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टांप मंत्री रवींद्र जायसवाल, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु', राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, सुनील पटेल और टी. राम सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।