कूचबिहार दक्षिण सीट से भाजपा विधायक रथींद्र बोस को शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा का नया अध्यक्ष (स्पीकर) चुना गया। उनके निर्वाचित होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा की परंपरा के अनुसार उन्हें स्पीकर की कुर्सी तक पहुंचाया। रथींद्र बोस के नाम की घोषणा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक दिन पहले की थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि कूचबिहार दक्षिण से भाजपा विधायक रथींद्र बोस को 18वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है और उम्मीद है कि उन्हें सर्वसम्मति से चुना जाएगा।
मुख्यमंत्री ने रथींद्र बोस को पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी पद की मांग नहीं की। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट होने के कारण उनके पास प्रशासनिक समझ और संगठनात्मक अनुभव है, जो इस जिम्मेदारी के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। शुभेंदु अधिकारी ने विपक्ष से भी अपील की थी कि वह विधानसभा की परंपरा को बनाए रखते हुए स्पीकर के चुनाव को निर्विरोध होने दे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में स्पीकर का चुनाव परंपरागत रूप से सर्वसम्मति से होता रहा है।
रथींद्र बोस ने 2026 के विधानसभा चुनाव में कूचबिहार दक्षिण सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अविजीत डे भौमिक को 23,284 वोटों के अंतर से हराया था। वे भाजपा विधायक तपस रॉय का स्थान लेंगे, जिन्होंने मंगलवार को प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ ली थी। 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतीं। तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि कांग्रेस को केवल दो सीटें मिलीं। इस जीत के साथ राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया और शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।