Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण बीजेपी में शामिल हुए

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण मंगलवार को सत्तारूढ़ बीजेपी में शामिल हो गए। चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। चव्हाण (65) को महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, बीजेपी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, पार्टी की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार और कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन की मौजूदगी में मुंबई पार्टी कार्यालय में बीजेपी में शामिल किया गया। 

चव्हाण में बीजेपी में शामिल होने से पहले कहा, ‘‘आज मेरे जीवन के नए राजनैतिक करियर की शुरुआत है।’’ जब चव्हाण से ये पूछा गया कि क्या उन्हें वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कोई फोन किया, तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया। 

पूर्व कांग्रेस विधान पार्षद अमरनाथ राजुरकर और मराठवाड़ा में उनके गृह जिले नांदेड़ से चव्हाण के कई समर्थक मुंबई आए और दक्षिण मुंबई में बीजेपी कार्यालय में इक्ठ्ठे हुए। पूर्व मुख्यमंत्री एस. बी. चव्हाण के बेटे अशोक चव्हाण (65) ने सोमवार को इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस छोड़ना उनका अपना फैसला है और उन्होंने अपने इस फैसले का कोई विशेष कारण नहीं बताया। 

महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा ने भी कुछ दिन पहले पार्टी छोड़ दी थी। चव्हाण मराठवाड़ा इलाके के नांदेड़ जिले के रहने वाले हैं। वे 2014-19 के दौरान कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख भी थे। उन्होंने भोकर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था और वो नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं।