Jammu and Kashmir: जम्मू कश्मीर के पुंछ में अजोट युद्ध स्मारक पर इलाके के 14 नागरिकों को समर्पित एक श्रद्धांजलि स्थल का उद्घाटन किया गया। ये वे लोग हैं जिन्होंने भारत की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर शुरू किए जाने के दौरान सीमा पार से हुई गोलाबारी में अपनी जान गंवा दी थी।
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, मारे गए लोगों के परिवार के सदस्य और स्कूली बच्चे शामिल हुए। मेमोरियल पार्क में पहले से ही इलाके के उन सैनिकों के सम्मान में स्मारक बनाए गए हैं, जिन्होंने 1947, 1965 और 1971 के युद्धों में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
युद्ध स्मारक में एक पट्टिका लगाई गई है, जिस पर उन नागरिकों के नाम हैं, जिन्होंने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर भारत के हमले के जवाब में नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाकर सीमा पार से की गई गोलाबारी में अपनी जान गंवा दी थी।