केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को अलवर पहुंचे। दोनों नेता विजय नगर ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान राजस्थान के 17 जिलों में 6,262 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव, राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
अमित शाह अलवर सरस डेयरी कॉम्प्लेक्स में नए डेयरी प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही कई दूध संघों के डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट और पशु चारा प्लांट का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया जाएगा। इन प्लांट के शुरू होने से दूध को तैयार करने और पशुओं के लिए चारा बनाने की क्षमता बढ़ेगी। इससे दूध उत्पादकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह नए केंद्रीय सहकारी बैंकों की शुरुआत की घोषणा भी करेंगे। इसके अलावा कई सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में DBT के जरिए सीधे पैसे भेजे जाएंगे। इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में राजस्थान के 17 जिलों में अलग-अलग विकास कार्यों का ऑनलाइन शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। वहीं, रोजगार उत्सव के तहत 10,548 नए कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। सरकार का कहना है कि नए डेयरी प्लांट और दूसरी परियोजनाओं से राज्य में डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। इससे गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और दूध उत्पादकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के लक्ष्य के तहत सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने और किसानों व दूध उत्पादकों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।