Breaking News

ग्रेटर नोएडा में खुलेगा दिल्ली-NCR का पहला लुलु हाइपरमार्केट, आज दोपहर होगा उद्घाटन     |   दिल्ली के JLN स्टेडियम में आज होगा वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल इवेंट     |   मेक्सिको के प्रशांत तट पर तूफान ट्रूडी का खतरा, कई इलाकों में हरीकेन वॉर्निंग जारी     |   अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर मायावती का जवाब- किसी भी कीमत पर पार्टी में नहीं लेंगे     |   ग्वालियर: ट्रक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत, कई की हालत नाजुक     |  

छत्तीसगढ़ में बाढ़ के बीच वायुसेना का रेस्क्यू, 3 बच्चों समेत 12 लोगों को बचाया

छत्तीसगढ़ में इंद्रावती नदी में आई बाढ़ के बीच भारतीय वायुसेना ने बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 12 लोगों की जान बचाई। इनमें दो महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं। सभी लोग नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण रातभर बाढ़ में फंसे रहे थे। सूचना मिलने के बाद भारतीय वायुसेना के Mi-17V5 हेलिकॉप्टर ने जगदलपुर से उड़ान भरी और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, डोंगाघाट गांव के पास इंद्रावती नदी के उत्तरी किनारे पर 10 से 12 लोग कच्चे मकानों में फंसे होने की सूचना मिली थी। वायुसेना की सेंट्रल एयर कमांड की टीम ने इलाके की तलाशी ली। इस दौरान लोग एक कच्चे मकान की छत पर इकट्ठा मिले। तेज बहाव के कारण छत के टूटने का खतरा था।

लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए गरुड़ कमांडो को हेलिकॉप्टर से नीचे उतारा गया। कमांडो ने फंसे हुए लोगों की मदद की और उन्हें रस्सी के सहारे हेलिकॉप्टर में सुरक्षित चढ़ाया। समय कम होने और बाढ़ के तेज बहाव को देखते हुए यह अभियान चुनौतीपूर्ण था।

बाढ़ प्रभावित लोगों का इलाज जारी

इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आसपास के इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। प्रशासन की टीमें नदी के जलस्तर पर नजर रख रही हैं और प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में बाढ़ प्रभावित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। बाढ़ के पानी में भीगने के कारण कई बच्चों को सर्दी और बुखार की शिकायत हो रही है।

मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. अभिजीत साहू ने बताया कि बाढ़ के हालात के बीच मरीजों को बेहतर इलाज देने की कोशिश की जा रही है। बच्चों को सर्दी-बुखार होने पर उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इससे पहले सितंबर में भी भारी बारिश और इंद्रावती नदी में बाढ़ के कारण कई गांव जलमग्न हो गए थे। प्रशासन और राहत दल प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा, इलाज और सहायता के लिए लगातार काम कर रहे हैं।