Breaking News

‘काला हिरण’ मूवी मामले में सलमान खान की याचिका पर दिल्ली HC में अब जून को सुनवाई     |   जब तक मैं पीएम हूं, ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने दूंगा: बेंजामिन नेतन्याहू     |   श्चिम बंगाल: भड़काऊ भाषण केस में अभिषेक बनर्जी के घर नोटिस देने पहुंची CID टीम     |   मई में खुदरा महंगाई दर 0.45 फीसदी बढ़कर 3.93% रही, जो अप्रैल में 3.48 प्रतिशत थी     |   पंजाब BJP नेताओं की आज शाम 6 बजे दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में अहम बैठक होगी     |  

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में दर्दनाक विमान हादसे के एक साल, एयर इंडिया ने दी श्रद्धांजलि

अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के भीषण विमान हादसे को आज एक वर्ष पूरा हो गया। इस अवसर पर एयर इंडिया की टीम ने एयर इंडिया ट्रेनिंग अकादमी में दो मिनट का मौन रखकर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान, अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के महज 32 सेकंड बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से टेकऑफ के तुरंत बाद विमान पास के एक क्षेत्र में जा गिरा, जिससे एक बड़ी त्रासदी हुई थी।

इस बीच हादसे की पहली बरसी पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के आयुक्त बंचानिधि पाणि ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उस दिन चलाए गए राहत एवं बचाव कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा, "इस दुखद विमान हादसे को एक साल पूरा हो गया है। हम हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद अहमदाबाद नगर निगम के अग्निशमन, स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभागों के साथ राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों ने समन्वित तरीके से राहत कार्य शुरू किया था।"

पाणि ने बताया कि बचाव अभियान में 90 से अधिक एंबुलेंस, 60 फायर यूनिट और भारी मशीनरी को तैनात किया गया था। शवों को निकालने और पास के हॉस्टल में फंसे मेडिकल छात्रों को बचाने के लिए दीवारें तक तोड़ी गई थीं। उन्होंने कहा कि विमान हादसे की जांच अभी भी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की निगरानी में जारी है और नगर निगम जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रहा है। मृतकों के परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र और डीएनए सैंपलिंग जैसी प्रक्रियाओं में भी त्वरित सहायता उपलब्ध कराई गई थी।

यह हादसा क्षेत्र के सबसे भीषण विमान हादसों में से एक माना जाता है। दुर्घटना में कुल 260 लोगों की मौत हुई थी। इनमें विमान में सवार 229 यात्री और 12 क्रू सदस्य शामिल थे, जबकि विमान के जमीन पर गिरने से 19 अन्य लोगों की भी जान चली गई थी। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी जान गंवाने वालों में शामिल थे। हादसे की पहली बरसी पर पूरे देश में पीड़ितों को याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।