Breaking News

मौलाना की टिप्पणी के बाद UP के कई जिलों में लोगों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस मुख्यालय हुआ अलर्ट     |   बिहार: निशांत कुमार ने जेडीयू की सदस्यता ली, एक्टिव पॉलिटिक्स में हुई एंट्री     |   रीवा एक्सप्रेस में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज पर जानलेवा हमला, हुए जख्मी     |   दुबई में हुए ईरानी ड्रोन हमले में पाकिस्तानी नागरिक की मौत     |   इराक के सुलेमानियाह में कई जगहों पर ड्रोन से हमला, 1 की मौत     |  

15 साल बाद रांची में फिर बजेगा अंतरराष्ट्रीय खेलों का बिगुल, 6 देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी करने जा रही है। यहां 24 से 26 अक्टूबर 2025 तक साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में होगा।

रांची में यह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की 15 साल बाद वापसी है। इस प्रतियोगिता में भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और मालदीव के कुल 254 खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेंगे। यह आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI), झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन (JOA) और झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।

इस चैम्पियनशिप का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 24 अक्टूबर को शाम 6 बजे करेंगे। उद्घाटन समारोह में झारखंड की लोक कला, नृत्य और आदिवासी संस्कृति की झलक पेश करने के लिए 500 कलाकार प्रदर्शन करेंगे। पूरे शहर को “Where Culture Meets Courage” थीम पर सजाया गया है।

खेल मंत्री सुधीव्या कुमार ने कहा, “झारखंड को दक्षिण एशिया के खिलाड़ियों की मेजबानी पर गर्व है। मैं सभी खिलाड़ियों से अपील करता हूं कि वे खेल भावना के साथ खेलें और सद्भावना के दूत बनकर लौटें। यह आयोजन झारखंड के खिलाड़ियों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।”

भारतीय टीम में 73 खिलाड़ी शामिल हैं। श्रीलंका से 63, नेपाल से 27, बांग्लादेश से 20, मालदीव से 15 और भूटान से 8 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। JOA के महासचिव और SAAF 2025 कोऑर्डिनेटर मधुकांत पाठक ने बताया कि भारत का लक्ष्य 25 स्वर्ण पदक जीतने का है। उन्होंने कहा, “पिछली बार 2008 में कोच्चि में भारत ने 57 पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था। इस बार हम उस रिकॉर्ड को और बेहतर करेंगे।”

खेल मंत्री कुमार ने गुरुवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम का निरीक्षण किया और तैयारियों पर संतोष जताते हुए आयोजन समिति की सराहना की।