मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा लिए गए फैसलों का स्वागत किया है। उन्होंने दीपावली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी की मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री का आभार जताया।
1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि केंद्रीय कर्मचारियों के डीए और पेंशनभोगियों के डीआर में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि को मंजूरी देना अभिनंदनीय है। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2026 से प्रभावी इस फैसले से 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा।
सीएम योगी ने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के आर्थिक हितों की रक्षा करने के साथ उनके जीवन को आसान बनाने में भी मददगार होगा। उन्होंने दीपावली से पहले यह उपहार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
कंटेनर विनिर्माण योजना से आत्मनिर्भर भारत को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा ₹10,000 करोड़ की लागत वाली कंटेनर विनिर्माण संवर्धन योजना (CMPS) को मंजूरी दिए जाने का भी स्वागत किया। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला दूरदर्शी निर्णय बताया।
सीएम योगी के अनुसार, यह योजना देश में विश्वस्तरीय कंटेनर विनिर्माण व्यवस्था विकसित करने, आयात पर निर्भरता कम करने और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे भारत वैश्विक कंटेनर विनिर्माण और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने वाले इन फैसलों के लिए प्रधानमंत्री का आभार और अभिनंदन है।