Breaking News

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में थाइलैंड के मालवाहक जहाज पर हमला हुआ     |   स्विट्जरलैंड: रेलवे कोच में आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत     |   NCERT किताब विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को डोमेन एक्सपर्ट कमेटी के गठन का आदेश दिया     |   सेंसेक्स 1342 अंक गिरकर 76,863 पर बंद, निफ्टी 394 अंक गिरकर 23,866 पर पहुंचा     |   मिडिल ईस्ट में अब बैंक और वित्तीय संस्थान हमारे निशाने पर, युद्ध के बीच ईरान का ऐलान     |  

गोरखपुर में गैस सिलेंडर को लेकर मारपीट, इंडेन एजेंसी पर ग्राहकों के बीच जमकर बवाल

गोरखपुर जिले के पीपीगंज क्षेत्र स्थित आशीष इंडेन गैस एजेंसी पर बुधवार को गैस सिलेंडर लेने को लेकर ग्राहकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि एजेंसी पर सुबह से ही सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी हुई थी। इसी दौरान लाइन में आगे घुसने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। 

एजेंसी परिसर में अचानक हुई मारपीट से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति कुछ देर तक तनावपूर्ण बनी रही। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। 

इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एजेंसी परिसर में लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र में गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसके कारण रोजाना लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। इसी भीड़ और जल्दबाजी के कारण अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।