Breaking News

नेपाल की बाढ़ से 22 लाख टन मलबा, 17 नगरपालिकाओं में 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित     |   कांगो में इबोला का कहर तेज, 3 हजार पहुंचा मौतों का आंकड़ा     |   कानपुर: पेपर लीक के आरोप के बाद एक सेंटर पर BSF की परीक्षा रद्द     |   रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बन सकते हैं राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO     |   अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा, फिर शुरू हुए जवाबी हमले     |  

MP: विवाह समारोह से लौट रहे बारातियों की कार और ट्रक में भिड़ंत, चार युवकों की मौत

MP: मध्य प्रदेश के इंदौर में विवाह समारोह से लौट रहे बारातियों की कार के भूसे से भरे ट्रक से भिड़ जाने के कारण चार युवकों की मौत हो गई जबकि आठ व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस के अधिकारी ने सोमवार को ये जानकारी दी। सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) जगदीश राठौड़ ने बताया कि हादसा इंदौर-नेमावर रोड पर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात 01:30 बजे के आस-पास हुआ।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) ले जाए गए मोहम्मद फरहान (19), आरिश अली (20) और मोहम्मद इरफान (24) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एमवायएच अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान अरफाद खान (23) ने दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि घायलों में शामिल तीन लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच लोग अस्पताल में भर्ती हैं जिनमें 18 वर्षीय युवक की हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक, ये सभी लोग इंदौर के रहने वाले हैं और एक विवाह समारोह में बाराती के तौर पर शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

हादसे पर आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगाने का प्रयास किया और पुलिस ने उन्हें समझा कर हालात पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।