Breaking News

MP: नरसिंहपुर में गन्ने के भाव को लेकर उबल पड़े किसान, NH-44 पर पुलिस से झड़प     |   PM मोदी की अध्यक्षता में आज दोपहर सेवा तीर्थ में कैबिनेट की अहम बैठक     |   लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देना हमारा संकल्प: BJP नेता गौरव वल्लभ     |   हैदराबाद के GVK मॉल को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने मॉल को खाली कराया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: भारत ने टॉस जीता, न्यूजीलैंड को बैटिंग करने का दिया न्योता     |  

यीडा की 94वीं बोर्ड बैठक में 12 बड़े प्रस्तावों पर मुहर, निवेश और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को औद्योगिक विकास और निवेश के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने अपनी विकास योजनाओं को गति देने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं।

गुरुवार को आयोजित यीडा की 94वीं बोर्ड बैठक में औद्योगिक विस्तार, निवेश को बढ़ावा देने, किसानों को लाभ पहुंचाने, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं के विकास से संबंधित 12 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त और यीडा के अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। इस दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न प्रस्तावों का विवरण प्रस्तुत किया।

यीडा की आय में करीब चार गुना बढ़ोतरी

बैठक में प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति में हुई उल्लेखनीय वृद्धि का ब्यौरा भी सामने आया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30 अक्टूबर तक यीडा की कुल प्राप्तियां 1,746.38 करोड़ रुपये थीं। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसी तारीख तक यह आंकड़ा बढ़कर 7,071.48 करोड़ रुपये पहुंच गया। यानी पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले राजस्व प्राप्तियों में लगभग चार गुना वृद्धि हुई है।

भूमि अधिग्रहण के लिए आवंटित 8,000 करोड़ रुपये के बजट में से अब तक 4,985.47 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। यह कुल बजट का 62.32 प्रतिशत है। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के मद में 566.15 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसके अलावा विकास एवं निर्माण कार्यों पर 383 करोड़ रुपये और विशेष परियोजनाओं के तहत एनएचएआई को 555.38 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

निजी बिजनेस पार्क योजना से निवेश को मिलेगा बढ़ावा

नए निवेश प्रस्तावों को आकर्षित करने के लिए यीडा ने उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को अपनाने का फैसला किया है। इसके तहत संबंधित सेक्टरों की पहचान, भूखंडों की योजना और योजना का ब्रोशर तैयार किया जाएगा।

वहीं, इन्वेस्ट यूपी से मिले लैंड फैसिलिटेशन लेटर और निवेश सारथी पोर्टल पर प्राप्त प्रस्तावों को देखते हुए सेक्टर-4ए और 8ई में औद्योगिक भूखंड विकसित करने के लिए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदने का निर्णय लिया गया है।

आवासीय भूखंड आवंटियों को मिली अतिरिक्त समयसीमा

यीडा ने आवासीय भूखंड आवंटियों को भी राहत दी है। अब लीज डीड के निष्पादन के बाद भवन निर्माण की निर्धारित निःशुल्क समयसीमा 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2027 कर दी गई है। बैठक में बताया गया कि किसानों से जुड़े विवादों और अदालतों के स्थगन आदेशों के चलते कुछ आवासीय सेक्टरों में सड़क निर्माण, सिविल और इलेक्ट्रिकल कार्य प्रभावित हुए हैं।

इसके साथ ही प्राधिकरण के कॉर्पस फंड के इस्तेमाल के लिए नई विनियमावली तैयार करने को भी मंजूरी दी गई। इसमें लीज रेंट, ट्रांसफर चार्ज, रेस्टोरेशन चार्ज, एक्सटेंशन चार्ज, प्लान प्रोसेसिंग फीस, विलंब शुल्क, कंप्लीशन फीस और जल-सीवर कनेक्शन सहित विभिन्न शुल्कों को शामिल किया गया है।

पानी और सीवर व्यवस्था के लिए मास्टर प्लान-2041

बोर्ड बैठक में सर्विस मास्टर प्लान-2041 भी प्रस्तुत किया गया। इसके तहत प्राधिकरण क्षेत्र में जलापूर्ति और सीवरेज से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा ग्राम जिकरपुर से टप्पल कट तक यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे खराब हो चुकी हॉलेज रोड की मरम्मत के लिए 665.64 लाख रुपये की लागत को स्वीकृति दी गई। यह सड़क जिकरपुर को अलीगढ़-पलवल राजमार्ग से जोड़ने वाला प्रमुख सीधा संपर्क मार्ग है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए वेस्ट मैनेजमेंट नियमों को मंजूरी

पर्यावरण सुरक्षा और विमानन संचालन को ध्यान में रखते हुए यीडा वेस्ट मैनेजमेंट (रेगुलेशन एंड कंट्रोल) बायलॉज-2026 के मसौदा गजट नोटिफिकेशन को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

साथ ही प्राधिकरण क्षेत्र के संस्थानों में RESCO मॉडल के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने का रास्ता भी साफ किया गया है। इस योजना को नेडा से अनुमोदित एजेंसी के माध्यम से लागू किया जाएगा।

आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 को मिली मंजूरी

बैठक में आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 के प्रारूप और भू-उपयोग मानचित्र को भी बोर्ड की मंजूरी मिली। अब इसे अंतिम स्वीकृति के लिए शासन के पास भेजा जाएगा। इसके अलावा प्रदेश सरकार की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी मॉडल भवन विनियम-2026 को भी यीडा ने अपने क्षेत्र में लागू करने का निर्णय लिया है।

14 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा आबादी भूखंड का लाभ

यीडा ने किसानों के हितों से जुड़े कार्यों की जानकारी भी साझा की। प्राधिकरण अब तक 14,281 किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड देने के संबंध में प्रकाशन कर चुका है। इनमें से 11,229 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि विभिन्न सेक्टरों में 5,147 भूखंडों का नियोजन पूरा किया गया है।

इसके अतिरिक्त 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर यानी नो लिटिगेशन इंसेंटिव के तहत किसानों को करीब 3,183.13 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इन फैसलों के जरिए यीडा क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, आधारभूत ढांचे, पर्यावरण अनुकूल विकास और किसानों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।