एशिया कप ट्रॉफी को लेकर विवाद लगातार दूसरे साल भी जारी रहा। रविवार को एशिया कप का खिताब जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एसीसी अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। हालांकि, खिताबी जीत के बाद हुए पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय खिलाड़ी मैदान पर नहीं पहुंचीं।
पिछले साल भी ऐसा ही मामला देखने को मिला था। तब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय पुरुष टीम ने मोहसिन नकवी से एशिया कप की ट्रॉफी और पदक लेने से इनकार कर दिया था। भारतीय टीम ने ट्रॉफी के बिना ही मंच पर जीत का जश्न मनाया था। बाद में वह ट्रॉफी एसीसी के कार्यालय में रख दी गई थी और भारतीय टीम को अब तक नहीं मिली है।
इस बार भी भारतीय महिला टीम ने पुरस्कार वितरण समारोह से दूरी बनाए रखी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने नंदनी शर्मा को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पदक दिया, लेकिन इसके बाद भी भारतीय खिलाड़ी ट्रॉफी समारोह के लिए मैदान पर नहीं लौटीं। वहीं, श्रीलंकाई टीम ने मोहसिन नकवी से उपविजेता की ट्रॉफी और चेक स्वीकार किया।
इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट के अंतरिम प्रमुख एरान विक्रमरत्ने ने टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को पदक प्रदान किए। इसके बाद नकवी ने श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू को उपविजेता का पुरस्कार दिया और तुरंत स्टेडियम से रवाना हो गए। हालांकि, पिछले साल के विपरीत इस बार वह एशिया कप की ट्रॉफी अपने साथ लेकर नहीं गए।