Breaking News

US-इजरायली हमलों में ईरान में अब तक 787 लोगों की मौत     |   ईरान-इजरायल हमले के बीच भारत ने किया अपनी एयर कैपिबिलिटी बढ़ाने का ऐलान     |   ईरान के गेरास में भूकंप, रिक्टर स्केल पर 4.3 रही तीव्रता     |   ईरानी हमलों के बीच कुवैत में बंद किया गया अमेरिकी दूतावास     |   बहरीन में शेख इसा में US बेस पर ईरान का हमला, 20 ड्रोन और 3 मिसाइलें गिराई     |  

चंद्रग्रहण के कारण आंध्र प्रदेश का तिरुमला मंदिर तकरीबन 10 घंटों के लिए बंद

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने घोषणा की है कि चंद्रग्रहण के कारण श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर सहित उसके द्वारा संचालित कई मंदिर मंगलवार को श्रद्धालुओं के लिए 10 घंटे तक बंद रहेंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, ग्रहण की अवधि समाप्त होने और शुद्धि संबंधी अनुष्ठान पूरे होने के बाद रात साढ़े आठ बजे भगवान के दर्शन फिर से किए जा सकेंगे। टीटीडी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘शुद्धि’ और अन्य शुद्धिकरण अनुष्ठानों के बाद ही मंदिरों को दोबारा खोला जाएगा।

तिरुपति स्थित श्री गोविंदराजा स्वामी मंदिर भी चंद्रग्रहण के दौरान बंद रहेगा। ग्रहण दोपहर तीन बजकर बीस मिनट से शाम छह बजकर 47 मिनट तक रहेगा। परंपरा के अनुसार, ग्रहण से कई घंटे पहले मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। टीटीडी ने बताया कि नारायणवनम, कार्वेतीनगरम, नागलापुरम, बुग्गा, सत्रावाड़ा, नागरी, तारिगोंडा, वायलपाड और कोसुवारिपल्ली स्थित मंदिर भी ग्रहण अवधि के दौरान बंद रहेंगे।

मंदिर बंद रहने के कारण टीटीडी ने दिनभर की कई सेवाएं रद्द कर दी हैं, जिनमें ‘अष्टदल पदपद्माराधना सेवा’, ‘उंजल सेवा’ और ‘अर्जिता ब्रह्मोत्सवम’ शामिल हैं। इसके अलावा वीआईपी ब्रेक दर्शन, श्रीवाणी दर्शन, 300 रुपये का विशेष दर्शन और एनआरआई दर्शन भी स्थगित कर दिए गए हैं। टीटीडी तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर की आधिकारिक संरक्षक संस्था है, जिसे विश्व का सबसे समृद्ध हिंदू मंदिर माना जाता है।