Breaking News

दिल्ली में मॉनसून की दस्तक, IMD ने दी जानकारी     |   मुंबई मानसून अपडेट: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर थमी रफ्तार, कुर्ला-सायन जाम     |   पूर्वोत्तर में बाढ़ से भारी तबाही, मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया दुख     |   केतन मर्डर केस: पुलिस ने आरोपी सिया के लाई डिटेक्टर टेस्ट की कोर्ट से मांगी मंजूरी     |   दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस के 10 विधायक आज EC से मिलेंगे, ऋतब्रत बनर्जी करेंगे नेतृत्व     |  

वाराणसी में 'मसाने की होली' में शामिल हुए हजारों लोग, एक-दूसरे को लगाई भस्म

Uttar Pradesh: डमरू की थाप और "हर हर महादेव" के जयकारों के साथ, हजारों शिव भक्त शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर 'मसाने की होली' मनाने के लिए इकट्ठा हुए। यहां श्मशान घाट की चिता की भस्म के साथ त्योहार मनाया जाता है।

यह परंपरा वैराग्य और जीवन की क्षणभंगुर प्रकृति के विचारों से जुड़ी है। ये बताती है कि मृत्यु तो अटल है और जीवन चलते रहना चाहिए। यह परंपरा खास तौर पर काशी की शैव संस्कृति से जुड़ी है और रंगभरी एकादशी पर मनाई जाती है।

मसाने या मसान शब्द श्मशान से बना है, जिसका मतलब है श्मशान भूमि। यानी वो जगह जहां शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है। भगवान शिव को 'भूतनाथ' या 'भूतेश्वर' कहा जाता है, क्योंकि उनके भक्तों और गणों में भूत, प्रेत, पिशाच, डाकिनी-शाकिनी जैसे अर्ध-दिव्य प्राणी शामिल हैं। माना जाता है कि वे श्मशान में निवास करते हैं।

मान्यता है कि भगवान शिव हिमालय में माता पार्वती से शादी के बाद काशी लौटे और उन्होंने अपने भक्तों के साथ होली मनाई, जिसमें ये अर्ध-दिव्य प्राणी भी शामिल थे। माना जाता है कि यहीं से मसाने की होली की शुरुआत हुई।

हालांकि, इस परंपरा की काशी विद्वत परिषद ने भी आलोचना की है, जो संस्कृत के विद्वानों और हिंदू धर्मग्रंथों के जानकारों की एक परिषद है। संस्था ने शहर के श्मशान घाटों पर मसाने की होली खेलने की पंरपरा का विरोध किया है, और इस मान्यता को चुनौती दी है कि यह एक पुरानी परंपरा है, या इसका उल्लेख शास्त्रों में मिलता है।