वाराणसी में देव दीपावली का उत्सव इस बार पहले से अधिक भव्य और आकर्षक होने जा रहा है, मां गंगा के दोनों किनारे लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे, वहीं गंगा पार रेती पर संगीत, लेजर लाइट और ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनेगा। भगवान शिव के भजनों की धुन के साथ आसमान में होने वाली रंग-बिरंगी आतिशबाजी काशी की देव दीपावली को यादगार बनाने की तैयारी में है।
शिव भजनों के साथ आसमान में नजर आएगी रंगीन ग्रीन आतिशबाजी
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, गंगा पार रेती पर विशेष ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो आयोजित किया जाएगा। करीब 10 मिनट के इस कार्यक्रम में भगवान शिव को समर्पित नौ से दस संगीत ट्रैक पर आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा। इनमें ‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ जैसे लोकप्रिय भजन शामिल होंगे। इनकी धुनों के साथ आसमान में अलग-अलग रंगों और आकर्षक आकृतियों की रोशनी दिखाई देगी।
24 नवंबर को रात 8:30 बजे से होगा विशेष शो
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 24 नवंबर को आयोजित होने वाली देव दीपावली के लिए वाराणसी में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने गंगा पार रेती पर रात 8:30 बजे से 8:40 बजे तक ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो प्रस्तावित है। इस आयोजन में लेजर लाइट, संगीत और पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी का तालमेल देखने को मिलेगा। योगी सरकार इस वर्ष काशी के घाटों पर 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ कई विशेष कार्यक्रमों के जरिए आयोजन को और आकर्षक बनाने में जुटी है।
500 से 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेंगे आतिशबाजी के गोले
ऐक्सिस कम्युनिकेशन के वाइस प्रेसिडेंट संजय प्रताप सिंह के अनुसार, इस आयोजन में भारत में पहली बार 8 इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इनके जरिए छोड़े जाने वाले आतिशबाजी के गोले लगभग 500 से 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेंगे। जमीन पर इनका फैलाव करीब 1,200 फीट और आसमान में लगभग 1,600 से 1,800 फीट तक होगा।
उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक से तैयार ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स को प्रदूषण रहित बताया गया है। शो में माल्टा की आतिशबाजी से प्रेरित विशेष डिजाइन और ज्यामितीय आकृतियां भी देखने को मिलेंगी। आसमान में बदलते रंगों और एक के बाद एक बनने वाले आकर्षक पैटर्न से पूरा नजारा बेहद खास होने की उम्मीद है।
लेजर लाइट और संगीत के साथ रोशन होगा पूर्णिमा का आसमान
देव दीपावली की पूर्णिमा रात को लेजर शो भी विशेष आकर्षण रहेगा। शिव भजनों की गूंज के बीच आसमान में लेजर लाइट और ग्रीन आतिशबाजी का संगम दर्शकों को आकर्षित करेगा। गंगा के पानी में इन रंगों और रोशनी का प्रतिबिंब आयोजन की खूबसूरती को और बढ़ाएगा। श्रद्धालु गंगा के दोनों किनारों से घाटों पर होने वाली भव्य गंगा आरती के साथ इस विशेष शो का आनंद भी ले सकेंगे।
लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारी
काशी की देव दीपावली अब देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना चुकी है। हर साल इस आयोजन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक वाराणसी पहुंचते हैं। इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों, प्रमुख सड़कों और आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।