Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

राम मंदिर के ऊपर फहराया भगवा ध्वज, अमित शाह बोले- सनातन संस्कृति के लिए गर्व की बात

Ayodhya Flag Hoisting: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत द्वारा अयोध्या में राम मंदिर के ऊपर भगवा ध्वज फहराना सनातन संस्कृति और भगवान राम के भक्तों के लिए बहुत गर्व की बात है।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सियावर रामचंद्र की जय। संपूर्ण मानवता के लिए धर्म और कर्म का आदर्श स्थापित करने वाले भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर बने भव्य और दिव्य मंदिर के शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरसंघचालक मोहन भागवत जी के करकमलों से, संत समाज की पवित्र उपस्थिति में विधिवत धर्मध्वज स्थापित हुआ।’’

उन्होंने कहा कि माता सीता और प्रभु श्रीराम के विवाह के पवित्र दिन पर यह ध्वजारोहण संपन्न हुआ है। शाह ने कहा, ‘‘यह सनातन संस्कृति और रामभक्तों के लिए बहुत ही गौरव का दिन है। यह धर्मध्वज प्रभु श्रीराम के जीवन और आदर्शों को जानने तथा उनके पदचिह्नों पर चलने के लिए प्रेरित करेगा।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के ऊपर भगवा ध्वज फहराया, जिससे मंदिर निर्माण का आधिकारिक समापन हो गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।

मोदी ने राम मंदिर ध्वजारोहण को ‘युगांतकारी’ की संज्ञा देते हुए कहा कि “सदियों के जख्म और दर्द भर रहे हैं”, क्योंकि 500 साल पुराना संकल्प आखिरकार राम मंदिर के औपचारिक निर्माण के साथ पूरा हो रहा है।