पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के पांच उम्मीदवारों सत्तारूढ़ टीएमसी कांग्रेस के चार और बीजेपी के एक उम्मीदवार ने गुरुवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। टीएमसी के चार प्रत्याशियों मंत्री बाबुल सुप्रियो, पश्चिम बंगाल के पूर्व पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार, वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी और अभिनेत्री कोयल मल्लिक और बीजेपी के राहुल सिन्हा ने विधानसभा में अपने पर्चे दाखिल किए। पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की पांच सीट रिक्त हो रही हैं, जिनमें से चार पर टीएमसी काबिज है।
राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा में मजबूत बहुमत के बल पर सत्तारूढ़ टीएमसी की पांच राज्यसभा सीट में से चार पर जीत पक्की है जबकि विपक्षी बीजेपी को एक सीट मिलने की उम्मीद है। निर्वाचन आयोग ने घोषणा की थी कि पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में राज्यसभा की 37 सीट के लिए 16 मार्च को मतदान होगा।
नरेंद्र मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे सुप्रियो ने बाद में मंत्रिपरिषद में जगह नहीं मिलने पर बीजेपी छोड़ दी थी और सितंबर 2021 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर बालीगंज विधानसभा उपचुनाव जीता और वर्तमान में पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री हैं। उनकी उम्मीदवारी को राजनीतिक तौर पर अपना पाला बदलने और राज्य सरकार में उनकी निरंतर भूमिका को लेकर एक पुरस्कार के रूप में देखा जा रहा है।
भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी रहे कुमार पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं। उससे पहले वह कोलकाता पुलिस के प्रमुख भी रहे थे। सारदा चिट फंड मामले की जांच के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार और केंद्रीय एजेंसियों के बीच हाई-प्रोफाइल टकराव के दौरान उनकी प्रमुख भूमिका रही थी।
उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता गुरुस्वामी उन वकीलों में से थे जिन्होंने उस ऐतिहासिक संवैधानिक चुनौती में याचिकाकर्ताओं का प्रतिनिधित्व किया था जिसके कारण 2018 में भादंसं की धारा 377 को निरस्त करके भारत में समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया गया था।
मल्लिक बंगाली फिल्म उद्योग की एक प्रमुख अभिनेत्री हैं और दिग्गज अभिनेता रणजीत मल्लिक की बेटी हैं। बीजेपी प्रत्याशी राहुल सिन्हा पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हैं।