Tamil Nadu: अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके ) में बुधवार को आपसी मतभेद सुलझते नजर आए जब पूर्व राज्य मंत्री एस. पी. वेलुमणि खेमे के बागी विधायकों ने पार्टी प्रमुख ई के पलानीस्वामी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और पार्टी नेता के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। पार्टी एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
वेलुमणि के साथ करीब 13 विधायक मौजूद थे। हालांकि पूर्व राज्य मंत्री सी. वे. षणमुगम इस बैठक से नदारद रहे, जो वेलुमणि और अन्य विधायकों के साथ मिलकर पार्टी से तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार को समर्थन देने की मांग कर रहे थे।
पलानीस्वामी से मुलाकात के तुरंत बाद वेलुमणि ने पूर्व मंत्री डॉ. सी. विजयभास्कर, उनके समर्थक विधायकों और पलानीस्वामी समर्थक ए.एस.एस. कृष्णमूर्ति समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने एक पत्र सौंपकर कहा कि अब वे विधानसभा में एकजुट होकर एक ही पार्टी के रूप में काम करेंगे। विजयभास्कर ने पूर्व का अपना वह पत्र भी वापस ले लिया जिसमें उन्होंने अध्यक्ष से उन्हें पार्टी व्हिप के रूप में मान्यता देने का अनुरोध किया था।