लखीमपुर खीरी सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजन को PMNRF से 2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे को "हृदयविदारक और अत्यंत पीड़ादायक" बताया। उन्होंने कहा, "लखीमपुर खीरी जिले में हुए दुखद सड़क हादसे में जनहानि अत्यंत हृदयविदारक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित उपचार और हरसंभव सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"
यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 7 बजे ईसानगर थाना क्षेत्र के बरहेटा गांव के पास लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर हुई। यहां एक ट्रक और यात्रियों से भरी वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। लखीमपुर खीरी के क्षेत्राधिकारी (CO) शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि वैन में कुल 10 लोग सवार थे और हादसे में सभी की मौत हो गई। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।