राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का भूमि पूजन किया। इस परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को रखी थी। मुख्यमंत्री ने इसे राजस्थान और जयपुर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण का काम शुरू होना प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जयपुर मेट्रो के फेज-3 और फेज-4 को भी विकसित किया जाएगा, जिससे शहर की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी और लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना 41 किलोमीटर से अधिक लंबी होगी और इसे करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। भूमि पूजन के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मानसरोवर से छोटी चौपड़ तक जयपुर मेट्रो में सफर भी किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर मेट्रो की सुविधाओं और उनके यात्रा अनुभव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जयपुर मेट्रो की व्यवस्थाओं और संचालन का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशन स्थित आर्ट गैलरी का निरीक्षण किया और मेट्रो फेज-2 के प्रस्तावित खासा कोठी चौराहे का भी जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को जयपुर मेट्रो के संचालन में सुरक्षा, समय की पाबंदी और यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर मेट्रो स्टेशन पर साफ-सफाई, रखरखाव और सेवा की गुणवत्ता के उच्च मानक सुनिश्चित किए जाने चाहिए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव मिल सके। भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के लोगों को आधुनिक, भरोसेमंद, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में जयपुर समेत पूरे राजस्थान में मजबूत परिवहन ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।