Breaking News

सत्य निकेतन PG हादसा पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, सभी निजी हॉस्टलों के ऑडिट की मांग     |   उत्तर प्रदेश के हापुड़ के धौलाना में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार     |   पीएम मोदी का मेगा शो, Gen-Z से सीधा संवाद, वडोदरा में 6 हजार यंग प्रोफेशनल जुटे     |   सपा के नए ड्रेस कोड पर BJP का तंज- ‘चुनाव आते ही बदल लिया भेष’     |   दिल्ली PG हादसे के बाद NHRC का UGC और दिल्ली सरकार को नोटिस, DU हॉस्टल पर मांगी रिपोर्ट     |  

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अब 12 हजार और सहायिकाओं को 6 हजार रुपये मानदेय, सीएम योगी ने दी चार बड़ी सौगातें

उत्तर प्रदेश की 2.91 लाख आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बड़ी सौगात दी। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज, अब दो की जगह तीन साड़ियां और आंगनबाड़ी केंद्रों को स्मार्ट बनाने के लिए स्मार्टफोन और रियल टाइम डाटा की सुविधा देने का भी ऐलान किया गया।

bbbb

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम में आईसीडीएस के तहत आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में अयोध्या की करीब 12 हजार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 75 जिलों से मंत्री, सांसद, विधायक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऑनलाइन जुड़े।

Sssfv

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये

सीएम योगी ने कहा कि 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के समय आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सिर्फ 3 हजार रुपये मानदेय मिलता था। सरकार ने इसे प्रदर्शन आधारित व्यवस्था से जोड़ते हुए 8 हजार रुपये किया और अब इसे बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया जा रहा है। इसी तरह सहायिकाओं का मानदेय पहले 1,500 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 4 हजार रुपये किया गया था। अब इसे बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा।

vSvvs

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गांव-गांव स्क्रीनिंग, दस्तक अभियान और संक्रमित लोगों की मदद जैसे कामों में अपनी जान जोखिम में डालकर योगदान दिया।

vvvs

परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के साथ उनके परिवारों को भी हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। इस सुविधा का लाभ सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में लिया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में प्रदेश के करीब 15 लाख शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को भी 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ा गया है।

vsdvvS

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश की 2.91 लाख आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए साड़ी की धनराशि जारी कर दी गई है। अभी तक उन्हें दो साड़ियां दी जाती थीं, लेकिन अब एक अतिरिक्त साड़ी भी दी जाएगी। इसके लिए सरकार की ओर से 500 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। इस फैसले से राज्य सरकार पर करीब 20 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।

vsddvsvsd

मुख्यमंत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पहले चरण में 1.28 लाख स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं। इनके जरिए योजनाओं और बच्चों से जुड़ा डाटा रियल टाइम में दर्ज किया जा सकेगा। इससे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का काम आसान होगा और योजनाओं की निगरानी भी बेहतर तरीके से की जा सकेगी। मुख्यमंत्री योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को बच्चों के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में उनकी भूमिका की तुलना माता यशोदा से की थी।

vsddvdvD

उन्होंने कहा कि मां के बाद छोटे बच्चों का पहला संवाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं से होता है। अगर बचपन स्वस्थ होगा तो भारत भी स्वस्थ, मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित बनेगा। सीएम ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के 70 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर सुविधाओं के साथ व्यवस्थित किया गया है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर आंगनबाड़ी केंद्र को अपना भवन उपलब्ध कराना है।

vssv

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के कई आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर स्थिति में थे। बच्चों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और कई जगह वे अपना टाट लेकर आते थे। पेयजल और जरूरी उपकरणों की भी कमी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से पैसा दिए जाने के बावजूद बच्चों के पोषाहार की व्यवस्था पर माफिया का प्रभाव था। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पोषाहार की व्यवस्था को माफिया से मुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 204 स्थानों पर टेक होम राशन प्लांट महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं।

VvSv

सीएम योगी ने अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि करीब दस साल पहले यहां पर्याप्त बिजली, अच्छी सड़कें और सुविधाएं नहीं थीं। आज अयोध्या में फोरलेन सड़कें, आधुनिक रेलवे स्टेशन और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में रेलवे की सिंगल लाइन को डबल किया गया है, राम की पैड़ी का कायाकल्प हुआ है और शहर को देश की सोलर सिटी के रूप में विकसित किया गया है।

bFFbBf

मुख्यमंत्री योगी ने इस दौरान सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने राम मंदिर का विरोध किया। सीएम ने कहा कि सपा ने अयोध्या में सड़कों के चौड़ीकरण, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के निर्माण का भी विरोध किया। उन्होंने कहा, “ये विरासत के भी विरोधी हैं और विकास के भी।” सीएम योगी ने कहा कि विरोध के बावजूद न राम मंदिर का निर्माण रुका और न ही अयोध्या का विकास। आज रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हैं और देश-दुनिया के लोग अयोध्या में हुए बदलाव को देख रहे हैं।

vSvS

कार्यक्रम के दौरान सैम और मैम श्रेणी से सामान्य पोषण स्थिति में आए बच्चों और उनके अभिभावकों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों और एवरेस्ट बेस कैंप अभियान में शामिल बेटियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला समेत कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।